आगरा में बीमारी दूर करने के नाम पर करा रहे थे अवैध मतांतरण, IB के इनपुट पर पुलिस का छापा
आगरा के जोधापुरा गांव में बीमारी ठीक करने और पैसे का लालच देकर अवैध मतांतरण का खुलासा हुआ है। आईबी ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। सैंया के जोधापुरा गांव में बीमारी दूर करने और रुपये देकर अवैध मतांतरण करने का मामला सामने आया है। इंटेलीजेंस ब्यूरो IB की सूचना पर पुलिस ने चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में चार आरोपितों विनीत वेदी निवासी जयपुर, बंटू निवासी धौलपुर, मुखराज निवासी थाना खेरागढ़ आगरा एवं प्रताप निवासी थाना सैंया आगरा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित सिग्नल एप के माध्यम से आपस में जुड़े थे। ग्रुप में 200 से अधिक लोग जुड़े हैं, जिसमें 50 लोग आगरा के बताए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपित विनीत वेदी लगभग 10 साल से अवैध मतांतरण से जुड़ा बताया गया है। आगरा में सैंया के गांव जोधापुरा निवासी प्रताप के घर में गांव की महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग जुटे थे।
पुलिस द्वारा मौके से प्रताप, विनीत वेदी, मुखराज और बंटू से पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने आरोपित प्रताप कुशवाह की मां चंद्रवती का एक वर्ष पहले अवैध मतांतरण करके ईसाई बनाया था। बुधवार की रात प्रताप के बेटे के जन्मदिन मनाने और बीमारियों का उपचार कराने के नाम पर लोगों को एकत्रित किया गया था।
आरोपित आपस में बातचीत एवं मैसेज करने के लिए वाट्सएप का उपयोग नहीं करते थे। सिग्नल एप से जुड़े हुए थे। जिसमें 200 से अधिक लोग आपस में जुड़े हैं। सिग्नल एप बने ग्रुप में आगरा के विभिन्न इलाकों के 50 लोग शामिल हैं।
जिसमें सर्वाधिक सिकंदरा आवास विकास कालोनी और एत्माद्दौला क्षेत्र के हैं। मुख्य आरोपित जयपुर निवासी विनीत वेदी पर पहले भी मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आयी है। पुलिस उसका पुराना रिकार्ड खंगाल रही है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
