आगरा में किसानों का फर्जी खाता खोल डकार गए 20 करोड़ का अनुदान, उद्यान विभाग के पूर्व उप निदेशक पर उठे सवाल
आगरा उद्यान विभाग में 2018-2024 के दौरान किसानों के नाम पर 20 करोड़ रुपये का अनुदान घोटाला सामने आया है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
उद्यान विभाग में 20 करोड़ रुपये का बड़ा घोटाला उजागर।
किसानों के फर्जी खाते खोलकर अनुदान राशि हड़पी गई।
पूर्व उप निदेशक कौशल कुमार पर गंभीर आरोप, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, आगरा। उद्यान विभाग की आधा दर्जन योजनाओं में अधिकारियों ने 20 करोड़ रुपये का खेल कर दिया। किसानों के नाम पर फर्जी खाता खोलकर उनका लाभ हड़प लिया गया। इसके लिए किसानों का विशिष्ट पहचान नंबर भी बदला गया। यह पूरा खेल 2018 से 2024 के बीच हुआ। मामले में पूर्व उप निदेशक का दामन मैला दिख रहा है। हाईकोर्ट में डाली गई जनहित याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया गया है। मुख्य न्यायाधीश के यहां 29 सितंबर को इसकी पहली सुनवाई है।
उद्यान विभाग के निदेशक ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।उद्यान विभाग में बागवानी, पैक हाउस, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, बीजों पर अनुदान सहित आधा दर्जन से अधिक योजनाएं संचालित हैं। वर्ष 2018-19 में विभाग में उप निदेशक पद पर कौशल कुमार की तैनाती हुई। उप निदेशक के साथ ही कौशल कुमार ने एक साल जिला उद्यान अधिकारी आगरा का काम भी देखा। कौशल कुमार यहां पांच साल तक रहे।
इस अवधि में विभाग में किसानों के साथ धोखाधड़ी हुई। किसानों का विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण तो किया गया लेकिन लाभ नहीं मिला। उनके नाम पर फर्जी खाता खोला गया। विशिष्ट पहचान नंबर बदला गया और लाभ डकार लिया गया। एक साल पूर्व जब इस मामले में लगातार शिकायतें हुईं तो कौशल कुमार को लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने इस मामले में हाई कोर्ट इलाहाबाद में दो सप्ताह पहले जनहित याचिका डाली।
इसमें आरोप है कि पांच साल के भीतर 20 करोड़ रुपये का खेल किया गया। याचिका में ऐसे 500 से अधिक किसानों की डिटेल दी गई है, जिनके साथ छल किया गया है। मुख्यालय से संबद्ध पूर्व उप निदेशक उद्यान कौशल कुमार का कहना है कि किसान नेता की शिकायत में कोई भी सच्चाई नहीं है। पूर्व में भी कई शिकायतें की गई थीं। मैं हर जांच के लिए तैयार हूं। इलाहाबाद हाई कोर्ट में जनहित याचिका की सुनवाई 29 सितंबर को होगी।
डीएम मनीष बंसल का कहना है कि पूर्व उप निदेशक कौशल कुमार के खिलाफ शिकायत संज्ञान में आई है। जनहित याचिका की सुनवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट में होगी।
इन किसानों के साथ हुआ खेल
खेरिया गांव के धनीराम ने 19 फरवरी 2022 में उद्यान विभाग में पंजीकरण कराया। उन्होंने 2.35 हेक्टेयर आलू की फसल के लिए आवेदन किया। उनके हिस्से की दो लाख रुपये की अनुदान की राशि फर्जी खाता संख्या 20263485315 में भेज दी गई। अकोला के अवधेश कुमार, नौहारिका सैंया की कस्तूरी देवी, गांव बिजौली बाह के देवदत्त, दूल्हे खां खेरागढ़ की रामा देवी सहित कई किसानों के विशिष्ट पहचान नंबर बदलकर लाभ की रकम हड़प ली गई।
