Agniveer Bharti 2022: आगरा में पकड़ा गया अग्निवीर भर्ती रैली का दलाल, फर्जी अथ्यार्थी ने दिया था क्ल्यू, तलाशी में मिले दो आधार कार्ड
Agni veer Bharti 2022 अग्निवीर भर्ती तैयारी की चलाता है आरोपित। अग्निवीर भर्ती रैली में फर्जी अभ्यार्थियों से मिली थी दलाल की जानकारी। आर्मी इंटेलीजेंस के इनपुट पर पुलिस ने पकड़ा। आरोपित आगरा के शमसाबाद का रहने वाला बताया जा रहा।
आगरा, जागरण संवाददाता। अग्निवीर भर्ती रैली स्थल के पास आर्मी इंटेलीजेंस से मिली जानकारी के आधार पर सिकंदरा पुलिस ने एक दलाल गुरुवार की देर रात पकड़ लिया।आरोपित रामपाल से पुलिस को आधार कार्ड मिले हैं। आरोप है कि वह अभ्यर्थियों को सेना में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा था। उसके खिलाफ सिकंदरा थाने में प्राथमिकी लिखी गई है।
आर्मी इंटेलीजेंस को मिली थी अग्निवीर भर्ती रैली में दलाल सक्रिय होने की सूचना
आगरा में सिकंदरा हाईवे स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में अग्निवीर सेना भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। जिसमें फर्जी दस्तावेजों से भर्ती होने का प्रयास करने वाले कई अभ्यर्थियों को पुलिस ने पकड़ा था। जिनसे पूछताछ में आर्मी इंटेलीजेंस और पुलिस को भर्ती स्थल पर दलाल के सक्रिय होने का पता चला था। गुरुवार की देर रात पुलिस को भर्ती स्थल पर दलाल के आने की जानकारी मिली। वह अभ्यर्थियों को भर्ती कराने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी कर रहा है।
मोबाइल ने खाेले अग्निवीर भर्ती रैली से जुड़े राज
पुलिस ने आरोपित को पकड़ने के बाद पूछताछ कि तो उसने अपना नाम रामपाल सिंह निवासी गांव हरनेर शमसाबाद बताया। पुलिस के अनुसार तलाशी लेने पर आरोपित के पास से दो आधार कार्ड मिले। एक नितिन निवासी सहावर एटा और दूसरा यश निवासी नैनवारा ललितपुर का है। उसका मोबाइल की जांच की तो उसमें शिवा मैनपुरी के नाम दर्ज नंबर पर दोबारा सीने की माप कराने की बात कही गई थी। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह शमसाबाद में ही सेना में भर्ती होने वाले युवकों के लिए कोचिंग भी चलाता है।
पुलिस के अनुसार एक अन्य नंबर उदय के नाम से था। जिसमे चैट में उदय और आरोपित के बीच बातचीत में शिवा के मामा से ढाई लाख रुपए का जिक्र है।
आरोपित ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शिवा उसकी कोचिंग में तैयारी कर रहा था। वह दौड़ में पास हो गया, लेकिन सीने की नापजोख में बाहर हो गया था। जिस पर वह सीने की दोबारा नापजोख कराने के नाम पर उसके मामा से ढाई लाख रुपये धोखाधड़ी से हड़पना चाहते थे। पुलिस के अनुसार आरोपित रामपाल के खिलाफ़ प्राथमिकी लिखी गई है। मामले मे ताजगंज के रहने वाले उदय की तलाश है।