Pulwama Terror Attack: पाक का पुतला फूंक रही भीड़ ने किया उपद्रव, वाहनों में तोड़फोड़
बस से उतरे दूसरे संप्रदाय के दंपती और युवक को दौड़ाया। फायर ब्रिगेड स्टेशन में कुर्सियां और तहसील में शीशे चकनाचूर किए।
आगरा, जेएनएन। पुलवामा हमले को लेकर लोगों का गुस्सा हिंसात्मक रूप भी ले रहा है। आतंकी हमले का विरोध प्रदर्शन कर रही भीड़ ने शनिवार को टूंडला में तांडव किया। हाईवे पर एक दर्जन से अधिक वाहनों में तोडफ़ोड़ की। यात्रियों में चीखपुकार मची रही। बस से उतरे दूसरे संप्रदाय की दंपती को दौड़ा लिया। दंपती ने भागकर फायर ब्रिगेड स्टेशन में पहुंच जान बचाई। इसी समुदाय का एक युवक भी इनके चंगुल में फंस गया। बवालियों ने फायर ब्रिगेड स्टेशन और तहसील परिसर में भी तोडफ़ोड़ कर दी। एक घंटे से ज्यादा समय तक बवाल होने के बाद पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर बवालियों को खदेड़ दिया। एक युवक हिरासत में ले लिया।
आतंकी हमले के विरोध में शनिवार सुबह दस बजे से लोग सड़कों पर उतर आए। नारेबाजी करते हुए बाजार बंद कराया। इसके साथ जगह-जगह पाकिस्तान के पुतले फूंके गए। दोपहर लगभग 12 बजे युवाओं का हुजूम लाठी-डंडे लेकर हाईवे ओवरब्रिज पर पहुंच गया। वाहनों को रोक जाम लगा दिया। इस दौरान निकलने की कोशिश पर वाहनों में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। एक दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे और लाइटें तोड़ दी गईं।
इसी बीच बस से उतरे दूसरे संप्रदाय के दंपती को दौड़ा लिया। वे भागते हुए फायर बिग्रेड के दफ्तर में घुस गए। पीछा करते बवालियों ने फायर बिग्रेड के दफ्तर में घुसकर कुर्सियां तोड़ दीं। फायर ब्रिगेडकर्मियों ने इस दंपती को बवालियों से बचाया और कुछ देर बाद पिछले दरवाजे से निकाल दिया। इधर, बस से उतरे दूसरे संप्रदाय के एक अन्य युवक को दौड़ा लिया। बचकर भागने में वह गिर पड़ा। जैसे-तैसे वह इनके चंगुल से बच पाया। बवाली इतने पर भी शांत नहीं हुए। तहसील परिसर में घुसकर तोडफ़ोड़ कर दी। एक घंटे से ज्यादा समय तक बवाल होता रहा। इस दौरान पुलिस कहीं नजर नहीं आई।
एसएसपी को सूचना दिए जाने के बाद टूंडला थाने का फोर्स पहुंचा और उपद्रवियों पर लाठियां बरसाकर खदेड़ा। एक युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद अन्य थानों का फोर्स भी बुला लिया गया। एसपी सिटी राजेश कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि हालात जल्द ही काबू में कर लिया गया।