अनुच्छेद 370 हटा, अब देश में समान नागरिकता कानून बनाए जाने की जरूरत Agra News
बजरंग दल लेगा प्रखंड स्तर पर अखंड भारत का संकल्प। 14 अगस्त तक सभी 40 प्रखंडों में कार्यक्रम होंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सोलंकी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 पर ऐतिहासिक फैसला लिया है। ये सभी की वर्षों की साधना का फल है। अब समान नागरिक कानून बनाना देश की वर्तमान जरूरत है। इसके साथ ही बांग्लादेशी और रोहिंग्या को देश के बाहर का रास्ता दिखाना होगा।
रविवार को अखंड भारत दिवस के कार्यक्रम में शिरकत करने आगरा आए राष्ट्रीय संयोजक ने धर्म भवन नार्थ ईदगाह में मीडिया से कहा कि देश में परिवर्तन का दौर चल रहा है। कुछ और आवश्यकताएं हैं, जिससे बेहतर असर दिखेंगे। उन्होंने रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की उपस्थित पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि इनसे देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा है। इन्हें तत्काल देश से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। पाकिस्तान के धमकियों पर उनका कहना था कि वह आंतरिक कलह से जूझ रहा है। उसमें इतना साहस नहीं कि वे भारत को आंख दिखा सके। बलूच विद्रोह कर रहे हैं, गिलगिट की भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि हम सांस्कृतिक अखंड भारत के प्रयास में जुटे हैं, जिसमें सनातन परंपरा होनी चाहिए। हमारे जो खंड हुए हैं, उसमें से कुछ स्थानों पर तो ठीक है। जहां मुश्किल आ रही है, वहा सुधार होना चाहिए।
तीन तलाक पर नए कानून से रुकेगा उत्पीड़न
विहिप, बजरंग दल हर वर्ष अखंड भारत दिवस कार्यक्रम आयोजित करता है। इसके तहत 14 अगस्त 1947 वाले भारत की मांग करते हुए प्रखंड स्तर पर संकल्प दिलाया जाता है। 11 से 14 अगस्त तक होने वाले कार्यक्रमों की शुरूआत रविवार को बजरंग दल राष्ट्रीय संयोजक सोहन सोलंकी ने की।
ईदगाह स्थित धर्म भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र की नींव केंद्र सरकार ने रख दी है। इसकी व्यापकता के लिए कुछ निर्णय और होने हैं। तीन तलाक पर सरकार द्वारा लिया गए निर्णय से मुस्लिम समाज की महिलाओं का उत्पीड़न रुकेगा। इससे महिलाएं अपने को सुरक्षित महसूस करेंगी। प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने बताया कि 14 अगस्त तक सभी 40 प्रखंडों में कार्यक्रम होंगे। इसमें स्थानीय लोगों के साथ संकल्प सभा में अखंड भारत का संकल्प दोहराया जाएगा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विहिप प्रांत अध्यक्ष शशि अग्रवाल, प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, महानगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, बजरंग दल प्रांत संयोजक राकेश त्यागी, रोहित जैन, विनोद माहौर, धर्मेद्र वर्मा, मदन वर्मा, रीना शर्मा, दिग्विजयनाथ तिवारी, सुरेंद्र चौधरी, भूपेंद्र शर्मा, बंटी ठाकुर, पप्पू ठाकुर, अभिषेक शर्मा आदि मौजूद थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप