High Voltage Drama: पांच नाती और दो धेवती, बेटे की उम्र के युवक से इश्क कर बैठी महिला Agra News
परेशान होकर पति और बेटे महिला व युवक को लेकर पहुंचे थाने। युवक का पुलिस ने किया शांति भंग में चालान।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पुलिस स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा चला। जिसने देखा और सुना, वह सहज यकीन नहीं कर पाया। सात बच्चों की मां को पड़ोस में रहने वाले बेटों की उम्र के युवक से इश्क हो गया। दोनों शादी करने के लिए अड़ गए। परेशान होकर पति और बेटे महिला और पड़ोसी युवक को लेकर थाने पहुंच गए। वहां भी दोनों शादी करने के लिए कहने लगे। पुलिस ने युवक और महिला को इस बेमेल रिश्ते को लेकर समझाया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। बाद में पुलिस ने युवक पर शांति भंग की धारा में कार्रवाई कर दी।
एत्माद्दौला क्षेत्र में रहने वाली 48 वर्षीय महिला के चार बेटे और तीन बेटियां हैं। तीन बेटों और एक बेटी की शादी भी हो चुकी है। पांच नाती और दो धेवती हैं। दो वर्ष पहले महिला को पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय युवक से इश्क हो गया। पति और बच्चों को भी उनकी हरकतों की जानकारी हो गई। अब दोनों शादी करने पर अड़े थे। विरोध करने पर दोनों खुदकशी कर उन्हें फंसाने की धमकी देने लगे। मंगलवार को महिला का पति और बेटे उसे और पड़ोसी युवक को लेकर एत्माद्दौला थाने पहुंच गए। वहां भी महिला और युवक शादी करने की कहने लगे। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उदयवीर सिंह मलिक ने उन्हें समझाया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई कर दी। बमुश्किल महिला अपने पति और बेटों के साथ घर गई।
कई बार हुए हैं गायब
युवक और महिला कई बार बिना बताए घर से गायब हो चुके हैं। परिजन हरकतों से आजिज हो चुके थे। कई बार दोनों को समझाया गया तो खुदकशी करने की धमकी देने लगे। बेटे भी अपनी मां को समझाने में नाकामयाब रहे। अंत में जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो मामला पुलिस स्टेशन लेकर पहुंचे।
थाने पर लगा मजमा
इस विवाद को सुलटाने के लिए जब थाने पर परिवार के लोग जुटे थे तो उन्हें देख मजमा भी लग गया। थाने पर भी महिला और युवक, एक-दूसरे को भूलने के लिए तैयार नहीं थे। इस दौरान थाने पर जमकर ड्रामा हुआ। जिसको भी विवाद की जानकारी हुई, वो चर्चा में शामिल हाेे गया। लोग यही कह रहे थे कि ऐसा मामला पहली बार सुना है। अब इश्क चीज ही ऐसी है कि किसको क्या समझाएं?