समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा काेे लेकर तकरार, शिकाेहाबाद में जमकर हुआ हंगामा
शिकोहाबाद थाने के सामने गिराई साइकिलें धरने के बाद जबरन निकाली यात्रा। आगरा कानपुर हाईवे पर एमएलसी की गाड़ी पकड़ी भारी संख्या में पुलिस तैनात। मथुरा में एमएलसी संजय लाठर ने किया यात्रा का रवाना। आगरा में बिजलीघर से शहीद स्मारक तक यात्रा निकाल रहे हैं कार्यकर्ता।
आगरा, जागरण संवाददाता। महंगाई भ्रष्टाचार बेरोजगारी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर निकाली गई सपा की साइकिल यात्रा को लेकर शिकोहाबाद मेंं जमकर हंगामा हुआ। गुरुवार को 10:30 बजे स्टेशन रोड इससे सैकड़ों सपा कार्यकर्ता साइकिल यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे थे सूचना मिलते ही एसडीएम सीओ अपनी टीम के साथ पहुंचे और साइकिल यात्रा रोकने की काेशिश की। इसको लेकर हंगामा हुआ। एसडीएम देवेंद्र सिंह और सीओ राजवीर सिंह नेताओं से वार्ता कर रहे थे, इसी बीच कार्यकर्ताओं ने यात्रा शुरू कर दी। पुलिस ने थाने के सामने लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष की साइकिल को गिरा दिया। उनके साथियों ने नारेबाजी कर धरना शुरू कर दिया और दूसरी तरफ से बाजार में साइकिल यात्रा प्रवेश कर गई। पुलिस यात्रा रोकने के लिए पीछे-पीछे दौड़ती रही। इधर आगरा और मथुरा में सपाइयों ने जोशीले अंदाज में साइकिल यात्रा निकाली।
आगरा में साइकिल यात्रा निकालते महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार।
उधर, दोपहर 12 बजे जानकारी हुई कि सपा एमएलसी डा.दिलीप यादव गाड़ियों के साथ आ रहे हैं। इस पर कई थानों के फोर्स के साथ अधिकारी अरौज पुलिया पर पहुंच गए। वहां गाड़ियों का काफिला रोक दिया। एमएलसी की गाड़ी कब्जे में ले ली गई, लेकिन इसमें एमएलसी नहीं थे। पूरे घटनाक्रम के चलते हाईवे पर जाम के हालात बने रहे। एसडीएम देवेंद्र सिंह का कहना है कि बिना अनुमति के यात्रा निकाली जा रही थी। इसलिए रोका गया। सपाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उधर, फीरोजाबाद, सिरसागंज, टूंडला और जसराना में सपाइयों ने साइकिल यात्रा निकाली। सिरसागंज में सपा जिलाध्यक्ष दुर्गपाल सिंह यादव के नेतृत्व में यात्रा को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन सपाई नहीं रुके। जिलाध्यक्ष का कहना है कि प्रशासन भाजपा के इशारे पर सपा की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है।
मथुरा में साइकिल यात्रा को रवाना करते एमएलसी संजय लाठर।
आगरा और मथुरा में शांतिपूर्ण ढंग से निकली यात्रा
समाजवादी पार्टी ने आगरा में बिजलीघर से शहीद स्मारक तक साइकिल यात्रा का आयोजन किया। बिजलीघर से यात्रा करीब 11.30 बजे आरंभ हुई। सपा के पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन ने यात्रा काे रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं और न ही आम आदमी। महंगाई आसमान पर है। लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है। पेट्रोल और डीजल के दाम, अनियंत्रित गति से बढ़ रहे हैं। महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। जोशीले नारे लगाते हुए कार्यकर्ता छीपीटोला, एमजी रोड होते हुए शहीद स्मारक तक पहुंचे। इस दौरान एमजी रोड पर ट्रैफिक जाम भी लगा। वहीं मथुरा में समाजवादी पार्टी की साइकिल को रैली को झंडी दिखाकर एमएलसी संजय लाठर ने रवाना किया।