Agra Metro Rail Project: आगरा मेट्रो ट्रैक से 50 मीटर की दूरी पर बनाया मकान तो UPMRC से लेनी होगी NOC
Agra Metro Rail Project तीस किमी लंबा होगा मेट्रो ट्रैक सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक पहला और आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक होगा दूसरा कारिडोर। फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के तीन एलीवेटेड स्टेशनों का निर्माण चल रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मेट्रो ट्रैक के दोनों ओर 50 मीटर की दूरी पर नया मकान बनाना कठिन होने जा रहा है। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) से मकान बनाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेनी होगी। एनओसी मिलने के बाद ही आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) से नक्शा पास होगा। सोमवार को एडीए उपाध्यक्ष ने आदेश जारी कर दिए। तीन माह पूर्व एडीए बोर्ड बैठक से एनओसी लेने का प्रस्ताव पास हुआ था। शहर में मेट्रो ट्रैक तीस किमी लंबा होगा। सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक पहला कारिडोर 14 किमी और आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक दूसरा कारिडोर 16 किमी लंबा है। एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि बिना यूपीएमआरसी की एनओसी के नक्शा पास नहीं होगा।
तेजी से बन रहे हैं तीन स्टेशन
फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के तीन एलीवेटेड स्टेशनों का निर्माण चल रहा है। पीएसी ग्राउंड में मेट्रो का पहला डिपो बन रहा है। वहीं सात अंडरग्राउंड स्टेशनों का टेंडर हो गया है।
मेट्रो प्रोजेक्ट एक नजर में
- शहर में 30 ट्रैक तीस किमी लंबा होगा। इसमें साढ़े 22 किमी एलीवेटेड और साढ़े सात किमी भूमिगत स्टेशन होगा।
- मेट्रो के कुल 27 स्टेशन होंगे। इसमें सात भूमिगत और बीस एलीवेटेड होंगे।
- सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक पहला कारिडोर 14 किमी लंबा होगा।
- आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक दूसरा कारिडोर 16 किमी लंबा होगा।
- मेट्रो प्रोजेक्ट की कुल लागत 8379 करोड़ रुपये है।
- आगरा मेट्रो का दूसरा डिपो कालिंदी विहार में बनेगा।
- 272 करोड़ की लागत से फतेहाबाद रोड पर तीन स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।
- 112 करोड़ रुपये से आगरा मेट्रो के पहले डिपो का निर्माण हो रहा है।
- मेट्रो के सात भूमिगत स्टेशनों का एक साथ टेंडर हो चुका है।