यमुना एक्सप्रेस वे पर फिर हादसा, कोहरे में कैंटर से टकराईं कारें
सुबह के वक्त छा रहा यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहरा, विजिबिलिटी रह गई बहुत कम। सड़क हुई टमाटर से लाल।
आगरा, जेएनएन। शहरी सीमा क्षेत्र में नहीं पर खुले में कोहरा कहर बन रहा है। यमुना और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सुबह के समय लगातार हादसे हो रहे हैं। गुरुवार तड़के यमुना एक्सप्रेस वे पर कैंटर से कारें टकरा गईं। गनीमत यह रही कि लोग मामूली चुटैल ही हुए, हालांकि सड़कें लाल हो गई थीं। पर यह टमाटरों के बिखरने से हुईं।
यमुना एक्सप्रेस वे पर गुरुवार तड़के आगरा से नोएडा की ओर जा रहा आयशर कैंटर, चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे उसमें भरे टमाटर सड़क पर बिखर गए। इसी दौरान कोहरे में दिखाई न देने से पीछे आ रहीं दो कारें टकरा गईं। हादसे में कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन सवार किसी तरह बच गए।
यह हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन 126 के पास हुआ। दुर्घटनास्थल सड़क लाल हो गई थी। दरअसल सड़क पर बिखरे टमाटर पहियों के नीचे आने सेे कुचलते गए। हादसे की सूचना पर बलदेव पुलिस एवं एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाकर आवागमन सुचारू कराया।
इंस्पेक्टर सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया कि हादसे में एक-दो लोग मामूली रूप से चुटैल हुए, जिन्हें मरहम पट्टी कराकर दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए भेज दिया।
यह बरतें सावधानी
- बहुत जरूरी न हो तो तड़के या देर रात के सफर से बचें।
- हैडलाइट पर पीली प्लास्टिक या फॉग लाइटों का प्रयोग करें।
- पार्किंग लाइट जलाकर ही वाहन चलाएं।
- मीडियम लेन में ही वाहन चलाना इस समय सुरक्षित है।
- निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कतई न करें।