Accident on Agra Lucknow Expressway: बिहार जा रही प्रवासियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, नौ घायल
Accident on Agra Lucknow Expressway रात करीब ढाई बजे लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस वे पर 83 वें किलोमीटर पर हादसे का शिकार हो गई।
आगरा, जेएनएन। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर देर रात प्रवासी मजदूरों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में नौ प्रवासी मजदूर घायल हो गए। बस डबल डेकर थी। आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद डिवाइडर पर चढ़ गई थी।
कोरोना संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन में दौरान सारा कामकाज, फैक्ट्रियां बंद पड़े हैं। ऐसे में अपने घर से दूसरे राज्यों में नौकरी तलाश में आए प्रवासियों के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। बेरोजगारी और महामारी के कारण बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने घर पलायन कर रहे हैं। शुक्रवार को दिल्ली के बहादुरगढ़ बाॅर्डर से प्रवासी मजदूरों को लेकर डबल डेकर बस बिहार के लिए रवाना हुई थी। बस बिहार के मोतीहारी जिले में जानी थी। देर रात करीब ढाई बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर से गुजर रही थी तभी 83 वें किमी पर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस आगे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद असंतुलित होकर बस डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसा होते ही बस में सवार सवारियों में चीख पुकार मच गई। जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। घायलों की हालत देख पुलिस यूपीडा की एंबुुलेंस बुलाई। हादसे में नाैै प्रवासी मजदूर मामूली घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से प्राथमिक उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया। वहीं बाकि सवारियों की एहतियातन थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। बस बुरी तरह से क्षतिग्रसत होने के कारण दूसरी रोडवेज की बस बुलाकर प्रवासियों को बिहार के लिए रवाना किया गया। बस में सवार सभी प्रवासी बिहार के बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है हादसा संभवत: चालक को झपकी लगने के कारण हुआ होगा। गनीमत रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। घायल प्रवासी मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा। लेकिन इससे पूर्व उनकी भी सभी जांच होंगी। इसके बाद ही वे अपने घर की ओर जा सकेंगे।