Accident on Agra Lucknow Expressway: डिवाइडर से टकराई कार, चार घायल Agra News
लखनऊ से दिल्ली लौट रहे थे परिवारीजन नगला खंगर में हादसा। ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा तीन घायल आगरा रेफर।
आगरा, जेएनएन। शुक्रवार सुबह लखनऊ से दिल्ली लौटते परिवारीजनों की कार फीरोजाबाद के नगला खंगर क्षेत्र में लखनऊ एक्सप्रेस वे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। यूपीडा की टीम एंबुलेंस से स्थानीय सरकारी अस्पताल लेकर आई। यहां से तीनों रेफर कर दिए गए।
दिल्ली के हॉस्टल रोड उत्तम नगर निवासी मितेश सिंह (28) पुत्र अशोक सिंह, अभय (24) पुत्र राजन सिंहह, खुशबू (22) और रिशू (20) पुत्रीगण राजन सिंह का लखनऊ के गोमती नगर में भी मकान है। ये सभी दिल्ली में पढ़ाई करते हैं। कुछ दिन पहले ये लखनऊ आए थे, यहां से ये कार से दिल्ली लौट रहे थे। सुबह पांच बजे उनकी कार नगला खंगर क्षेत्र में 61 किलोमीटर पर पहुंची थी। इस बीच कार चला रहे मितेश सिंह को झपकी लग गई और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा होते ही कार सवारों के बीच चीख पुकार मच गई और पुलिस तथा यूपीडा की टीम मौके पर आ गई। सभी घायल पहले शिकोहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाए गए। यहां से मितेश, अभय और खुशबू पहले सरकारी ट्रामा सेंटर बाद में आगरा रेफर कर दिया गया।