आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे से नीचे उतरी बस, 30 घायल
मैनपुरी के करहल के पास देर रात हुआ हादसा। घायल यात्रियों को उपचार के लिए दिल्ली भेजा गया।
आगरा, जेएनएन। लखनऊ से दिल्ली जा रही निजी बस सोमवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। मैनपुरी के करहल क्षेत्र के गांव आलमपुर के पास रात करीब डेढ़ बजे हादसा हुआ। हादसे में 30 यात्री चुटैल हो गए। सभी रात में ही दूसरी बस से दिल्ली भेज दिया गया।
घटना के अनुसार सोमवार रात लखनऊ से दिल्ली के लिए निजी बस चली थी। बस में चार दर्जन यात्री सवार थे। बस को चालक शुभम निवासी अमेठी चला रहा था। रात करीब एक बजे बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेस पर करहल क्षेत्र में आलमपुर के पास पहुंची। गति काफी तेज होने के कारण बस असंतुलित होकर एक्सप्रेस वे के किनारे लगी रैलिंग तोड़ती हुई 20 फीट नीचे खड्ड में चली गई।
हादसे से बस में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आलमपुर के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस में सवार यात्रियों में से 30 यात्रियों को चोटें आईं। जानकारी मिली है कि कोई यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक शुभम, परिचालक अनुज हैदरगढ़ बाराबंकी, यात्री मेहमानंद नीटोन कोलकाता, आशीष बदरपुर दिल्ली, शुभराम सरोजनी नगर लखनऊ, शरद वीरनपुर ग्वालियर आदि को सैफई इलाज के लिए भेज दिया गया। अन्य यात्रियों को दूसरी बसों से दिल्ली रवाना कर दिया गया।