लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस वे पर मंगल की सुबह हुआ अमंगल, हादसे में महिला की मौत
शादी की मनौती का घंटा चढ़ाने जा रहे थे दंपति। एक साल पूर्व हुई थी महिला की शादी। हादसे में घायल सभी लोग दिल्ली निवासी।
आगरा [जेएनएन]: यमुना एक्सप्रेस वे के बाद आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे भी हादसों का एक्सप्रेस वे बनता जा रहा है। सोमवार सुबह भीषण हादसे के बाद मंगलवार की सुबह भी अमंगलकारी हुई। कानपुर के पनकी मंदिर में मनौती का घंटा चढ़ाने जा रहे परिवार की कार दुर्घटना की शिकार हो गई। हादसा में महिला की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
दिल्ली के जनकपुरी निवासी सोनिया, रवि, रजनी, सचिन और अमित मंगलवार तड़के कार से कानपुर के पनकी के लिए रवाना हुए थे। रवि गाड़ी चला रहा था। लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस वे पर मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र में गांव चंदपुरा के पास सड़क पर एक एक गाय का शव पड़ा था। कार तेज रफ्तार में थी। सड़क के बीचों बीच गाय के शव को देखकर रवि से कार अनियंत्रित हो गई और गाय से टकराकर पलट गई। कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए तुरंत पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। घायलों को सैफई अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान सोनिया की मौत हो गई।
एक वर्ष पहले ही हुई थी सोनिया और रवि की शादी
दिल्ली के आइफोन कंपनी में कार्यरत रवि का विवाह सोनिया से एक साल पहले ही हुआ था। सोनिया और रवि मनौती का घंटा चढ़ाने के लिए ही पनकी के मंदिर में जा रहे थे। उनके साथ कार में सवार सचिन और अमित एक इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत हैं।