AAP: आम आदमी पार्टी आज जारी करेगी पंचायत चुनाव को ताजनगरी के प्रत्याशियों की पहली सूची
भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खाेले हैं। सबकी निगाहें भाजपा प्रत्याशियों की सूची पर ही टिकी हैं। इधर आम आदमी पार्टी ने भी पंचायत चुनाव में ताल ठोक दी हैं। अधिकांश पदों पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के बाद आम आदमी पार्टी एक अप्रैल को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने जा रही है। पिछले कई दिनों से पार्टी प्रत्याशियों के चयन को लेकर कवायद कर रही है। कई दौर की समीक्षा बैठकें भी हो चुकी हैं। यह सूची जिला पंचायत सदस्य चुनाव के प्रत्याशियों की होगी।
पिछले दिनों सपा ने जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों की दो सूची जारी की थीं। इसके बाद गत बुधवार को बसपा ने भी कुछ वार्डों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खाेले हैं। सबकी निगाहें भाजपा प्रत्याशियों की सूची पर ही टिकी हैं। इधर, आम आदमी पार्टी ने भी पंचायत चुनाव में ताल ठोक दी हैं। अधिकांश पदों पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं। दरअसल, आप पंचायत चुनाव को यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ट्रायल के रूप में देख रही है। वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी गांव-गांव अपनी पहुंच बनाना चाहती है।सिर्फ शहरों तक सिमट कर नहीं रहना चाहती। यही वजह है कि पंचायत चुनाव के अधिकांश पदों पर पार्टी प्रत्याशी तलाश रही है। पंचायत चुनाव के लिए तीन अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले ही प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि पंचायत चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं होता। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव चिह्नाें में से ही ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाते हैं। मतदाताओं को इन्हीं चुनाव चिह्न के सामने ठप्पा लगाना होता है।