पत्नी की कैंसर से हो गई मौत तो तीन मासूम बच्चों समेत पति ने खा लिया जहर
27 जुलाई को पत्नी रीना की हो गई थी कैंसर के चलते मौत। पत्नी की मौत के गम में मान सिंह कर चुका था कई बार खुदकुशी का प्रयास।
आगरा(जेएनएन)। पति- पत्नी और तीन बच्चे। हंसता- खेलता परिवार। जिस आंगन में बच्चों की किलकारी कभी गूंजती थी, आज वहां मातम छा गया है। पहले गृहलक्ष्मी की बीमारी से मौत और अब पत्नी की मौत में गमजदा पति ने बच्चों सहित जहर खा लिया। खुदकुशी के इस प्रयास में पति और बेटी की मौत हो गई और दोनों बेटों की हालत चिंताजनक है।
मामले के अनुसार थाना ताजगंज श्यामो गांव में मान सिंह परिवार सहित रहता था। किसान मान सिंह खेती के सहारे परिवार का भरण पोषण करता था। कुछ समय पूर्व मान सिंह की पत्नी रीना को कैंसर हो गया। तमाम इलाज के बावजूद रीना की हालत बिगड़ती जा रही थी। मान सिंह बार- बार उससे कहता था कि साथ जीए हैं तो साथ ही मरेंगे। तीनों बच्चे इस बात पर बिलख जाते थे।
इधर 27 जुलाई को रीना की जिंदगी पर मौत हावी हो गई और परिवार बिलखता ही रह गया। रीना की मौत के बाद से मान सिंह पूरी तरह से टूट गया था। तब से कई बार वो खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। नौ अगस्त की रात बच्चों के लिए उसने खाना बनाया। खाने में जहर मिलाकर बच्चों को दिया और खुद भी खा लिया। सुबह जब पड़ोसियों ने मान सिंह और बच्चों को बाहर निकलते नहीं देखा तो घर के अंदर झांका।
अंदर का नजारा देखकर पड़ोसी स्तब्ध रह गए। पुलिस को फौरन सूचित किया। मान सिंह और उसकी दस वर्षीय बेटी अर्चना की मौत हो चुकी थी। 12 वर्षीय बेटा रूपेश और छह वर्षीय अभय की हालत गंभीर थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों बेटों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसडीएम सदर रजनीश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। 27 जुलाई को पत्नी की मौत हो गई थी तभी से वह मरने की रट लगाये था। कई बार कोशिश की। कल रात को भी बच्चों और खुद को जहर मिलाकर। बेटी और पति की मौत हो गई। दोनों बेटों का इलाज चल रहा है। सुसाइड नोट नहीं मिला।