दोनों ओर की हरियाली से खिल जाएगा इनर रिंग रोड, शुरु हुआ ये महाअभियान Agra News
आगरा मंडल की पहली रोड जिस पर रोपे जा रहे इतने अधिक पौधे। कमिश्नर अनिल कुमार और आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष शुभ्रा सक्सेना ने पौध रोप की अभियान की शुरुआत।
आगरा, जागरण संवाददाता। बादलों से घिरी सुबह, ठंडी हवा और हरियाली की महक। मंगलवार सुबह यही नजारा था इनर रिंग रोड पर। विधि विधान से पर्यावरण के संरक्षण का अभियान जब शुरू हुआ तो मानो वसुंधरा महक उठी हो। इनर रिंग रोड पर एडीए द्वारा हरियाली को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार पौधे रोपने का अभियान शुरू किया गया। कमिश्नर अनिल कुमार और आगरा प्राधिकरण की उपाध्यक्ष शुभ्रा सक्सेना ने पौध रोपकर आगरा मंडल में अब तक के सबसे बड़े पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। अभियान के अंतर्गत रोड के दोनों साइड की पटरी पर 50 हजार पौधे रोपे जाएंगे। सोमवार को युद्धस्तर पर गड्ढा की खोदाई की गई थी।
नेशनल हाईवे-19 को ग्वालियर रोड से जोडऩे के लिए इनर रिंग रोड बनाया जा रहा है। तीन चरणों में बन रहे रोड का पहला चरण पूरा हो चुका है। साढ़े दस किमी लंबा रोड साढ़े चार सौ करोड़ रुपये से बना है। यह हाईवे को फतेहाबाद रोड से जोड़ रहा है। दूसरे और तीसरे चरण की रोड का काम चल रहा है। इनर रिंग रोड से होकर लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पहुंचा जा सकता है। सचिव केपी सिंह ने बताया कि सोमवार शाम तक 28 हजार गड्ढे खोदे जा चुके थे। जल्द ही बाकी बचे हुए गड्ढे भी खोद दिए जाएंगे। इनर रिंग रोड पर कनेर और बोगन बेलिया के पौधे लगाए जा रहे हैं। आगरा मंडल की पहली रोड है। जिस पर एक साथ इतने अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं।
ग्रीन आगरा अभियान के तहत लगाए दस हजार पौधे
अखिल भारतीय मेयर परिषद (एआइएमसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आगरा के मेयर नवीन जैन का कहना है कि इस वित्तीय साल में शहर भर में दस हजार पौधे रोपे जाएंगे। गड्ढों की खोदाई का काम शुरू करने के लिए कहा गया है। वहीं पिछले वित्तीय साल में ग्रीन आगरा प्रोजेक्ट के तहत दस हजार पौधे लगाए गए थे। 80 फीसद पौधे जीवित हैं। प्रमुख रोड के डिवाइडरों पर पौधे लगाए जाएंगे। इससे हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप