जीवन बीमा सोसाइटी में रु 30 करोड़ का गोलमाल
आगरा: भारतीय जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों की एक सोसाइटी में 30 करोड़ रुपये से अधिक के गोलमाल का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, आगरा: भारतीय जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों की एक सोसाइटी में 30 करोड़ रुपये से अधिक के गोलमाल का मामला सामने आया है। सात जिलों के करीब दो सौ लोगों की सोसाइटी में जमा पूंजी डूबने की आशंका है। पीड़ितों ने शुक्रवार को एसएसपी से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद एसएसपी ने हरीपर्वत थाने को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भारतीय जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों की दस साल पहले सोसाइटी बनी थी। इसका उद्देश्य उन्हें जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को ऋण उपलब्ध कराना था। बीमा कंपनी ऋण की किश्त उनके वेतन से काटकर सोसाइटी में जमा करा देती है, जिस पर सोसाइटी अच्छा ब्याज देती थी। इसके चलते बहुत से सदस्यों ने अपनी जमा पूंजी भी सोसाइटी के खाते में जमा करा दी थी। दर्जनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने रिटायरमेंट पर मिले फंड को भी जमा करा दिया।
कर्मचारियों के मुताबिक कुछ महीने पहले समय से ब्याज की रकम की अदायगी नहीं हुई। इस पर सोसाइटी के अध्यक्ष और सचिव पर गोलमाल करने का शक हुआ। दोनों पदाधिकारियों से पूछताछ की तो वह टालमटोल करने लगे। इससे शक पुख्ता हो गया। आगरा में तैनात दोनों पदाधिकारियों ने 12 मई से कार्यालय आना बंद कर दिया। भूमिगत होने के साथ उन्होंने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिए हैं। कर्मचारियों का दावा है कि गोलमाल की रकम 25-30 करोड़ के बीच है। पीड़ितों ने तीन दिन पहले हरीपर्वत थाने पहुंच मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी। शुक्रवार को दर्जनों पीड़ित कर्मचारी एसएसपी अमित पाठक से मिले। शुक्रवार को दर्जनों पीड़ित कर्मचारी एसएसपी अमित पाठक से मिले।