Damage by Rats: चूहों की कारामात से खोखला हो रहा शहर, आगरा में पुरानी बिल्डिंगों पर खतरा
Damage by Rats आगरा के पुराने बसे इलाकों में धंस चुकी हैं रोड और गलियां सप्ताह में पांच से छह पहुंचती हैं शिकायतें। नगर निगम चूहों की रोकथाम का कर रहा है प्रयास जल्द होगी बैठक। जमीन के अंदर सुरंग सी बना देने से नींव हो चुकी हैं कमजाेर।
आगरा, जागरण संवाददाता। नामनेर हो या फिर रामबाग और फिलिपगंज। शहर के हर क्षेत्र में चूहों ने आतंक मचा रखा है। चूहों की कारामात के चलते छह माह के भीतर कई क्षेत्रों में रोड और गलियां धंस चुकी हैं। चूहों की रोकथाम को लेकर नगर निगम कार्यालय में सप्ताह में पांच से छह शिकायतें पहुंचती हैं। दरअसल चूहों ने जमीन के अंदर सुरंग सी बना रखी हैं, इसके चलते नींव कमजोर हो गई है। तमाम इमारतों पर खतरा मंडरा रहा है। जिसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन की जल्द बैठक होने जा रही है। निगम प्रशासन चूहों को पकड़ने या फिर मारने पर विचार कर रहा है।
इन क्षेत्रों में चूहे बने सिरदर्द : प्रतापपुरा, ईदगाह, छीपीटोला, कैंट, जीवनी मंडी, बेलनगंज, रामबाग, मोतीगंज, दरेसी एक और दो, रावतपाड़ा, पंडित पातीराम गली, छत्ता गली, फिलिपगंज, मोतिया गली, टीले वाली गली, सदर, आवास विकास कालोनी सेक्टर दस, 13, 16, महर्षिपुरम, हास्पिटल रोड, एसएन मेडिकल कालेज परिसर, गधापाड़ा।
मोतीगंज सहित कई अन्य क्षेत्रों में चूहों ने गलियों के नीचे बिल बना रखे हैं। जैसे ही बारिश का पानी भरता है, गलियां धंस जाती हैं। चूहों की रोकथाम के लिए नगर निगम के अफसरों को कई पत्र लिखे जा चुके हैं।
रवि माथुर, पार्षद
चार साल पूर्व चूहों के चलते दो मंजिला मकान गिर पड़ा था। चूहों ने नींव को खोखला कर दिया था। मकान गिरने से कोई घायल नहीं हुआ था। चूहों की रोकथाम के लिए नगरायुक्त से शिकायत की गई है।
राकेश जैन, पार्षद
क्षेत्रों में चूहों से हर कोई परेशान हैं। चूहों के चलते हर दिन दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। चूहों की रोकथाम जरूरी है।
वर्षा शर्मा, पार्षद
चूहों की रोकथाम को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। इसे लेकर जल्द बैठक होगी। शहर के कई क्षेत्रों में चूहों से लोग परेशान हैं।
निखिल टीकाराम, नगरायुक्त