UP Board Exam 2021: 22 अप्रैल को आनलाइन कंट्रोल रूम से लिंक होंगे जिलों के परीक्षा केंद्र
UP Board Exam 2021 शासन ने मंडल से मांगे दो-दो कंप्यूटर और कंप्यूटर आपरेटर। दोनों कंप्यूटरों में होंगे सभी जिलों के केंद्रों का ब्यौरा किए जाएंगे लिंक। यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 की निगरानी के लिए हर मंडल से दो-दो कंप्यूटर और कंप्यूटर आपरेटर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट 2021 परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए केंद्रों की आनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों के साथ प्रदेश स्तर पर आनलाइन मानिटरिंग कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जिसमें केंद्रों का डाटा 21 और 22 अप्रैल को फीड किया जाएगा।
यह कार्य एक हफ्ते में पूरा करने की तैयारी है। लिहाजा संयुक्त शिक्षा निदेशक भगवती सिंह ने सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को पत्र भेजकर कंट्रोल रूम सुचारू करने के लिए केंद्रों की गोपनीय सूचनाएं मांगी हैं। निर्देशों के तहत 21 अप्रैल को आजमगढ़, सहारनपुर, गोरखपुर, बरेली, वाराणसी, झांसी, चित्रकूट, मीरजापुर व मेरठ मंडल के केंद्रों को बुलाकर उनके केंद्रों का डाटा आनलाइन कंट्रोल रूम में लिंक किया जाएगा। जबकि 22 अप्रैल को आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बस्ती, देवीपाटन, मुरादाबाद, प्रयागराज, कानपुर व लखनऊ मंडल के कंप्यूटर आपरेटर बुलाए गए हैं।
यह दिए हैं निर्देश
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डा. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि आठ मई से प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 की निगरानी के लिए हर मंडल से दो-दो कंप्यूटर और कंप्यूटर आपरेटर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इन कंप्यूटर में मंडल के सभी जिलों के परीक्षा केंद्रों का स्टेटिक आइपी एड्रेस, राउटर आइपी एड्रेस, यूजरनेम, पासवर्ड, डीवीआर, एनवीआर का सीरियल नंबर व अन्य तकनीकी सूचना मांगी गई है। प्रक्रिया के तहत कंप्यूटर आपरेटर को बुलाकर इन कंप्यूटरों को आनलाइन मानिटरिंग कंट्रोल रूम से लिंक किया जाएगा, इसके बाद लखनऊ में बैठकर कंट्रोल रूम से किसी भी जिले और ब्लाक के किसी भी परीक्षा केंद्र की मानिटरिंग आसानी से की जा सकेगी।