Breaking: आटा मिल में 40 फीट ऊंची दीवार से गिरे मजदूर, दो की मौत, एक घायल
Big Accident in Agra तीनों मजदूर बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे थे। मरने वाले मजदूरों में एक मध्य प्रदेश और दूसरा आगरा के बल्केश्वर का रहने वाला बताया जा रहा है। लकड़ी की तख्ती हटा रहे थे मजदूर। लोहे के गर्डर में सिर टकराने से गई जान।
आगरा, जागरण संवाददाता। विजय नगर क्षेत्र में एक आटा मिल में काम कर रहे मजदूर 40 फीट ऊंची दीवार से गिर पड़े। इनमें से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विजय नगर में अभिनंदन मैरिज होम तिराहा के पास एक पुराना आटा मिल है।इसमें सोमवार को कुछ मजदूर काम कर रहे थे।40 फीट ऊंची दीवार पर तीन मजदूर काम कर रहे थे।दोपहर को ये लकड़ी की तख्ती हटा रहे थे। तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया।तीन मजदूर नीचे गिर पड़े।बीच में लगे लोहे के गर्डर से दो मजदूरों के सिर टकरा गए। इसके बाद वे नीचे गिरे। तीसरा मजदूर सीधा नीचे गिरा। गर्डर से सिर टकराने के बाद नीचे गिरे मजदूरों की मौत हो गई। जबकि सीधे नीचे गिरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।आटा मिल मालिक और ठेकेदार ने घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची।मगर,मजदूर के स्वजन ने कोई कार्रवाई करने के इन्कार कर दिया। उन्होंने हादसे के संबंध में कोई तहरीर भी नहीं दी।उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया।इंस्पेक्टर हरीपर्वत के अनुसार, मृत मजदूरों में बल्केश्वर निवासी 20 वर्षीय मोनू और मध्यप्रदेश निवासी 60 वर्षीय बृजलाल शामिल हैं।मृत मजदूरों के स्वजन से बात की जा रही है। अभी वे कार्रवाई नहीं करना चाह रहे हैं।