Death in Hotel: आगरा में हाेटल की बालकनी से गिरकर दिल्ली के चार्टड एकाउंटेंट की मौत
Death in Hotel ताजगंज के होटल हावर्ड प्लाजा की घटना। दिल्ली से तीन दोस्तों के साथ आया था चार्टड एकाउंटेंट। शाम को करीब चार बजे चेक इन किया। शनिवार की आधी रात को चारों दोस्त होटल की तीसरी मंजिल पर बालकनी में पार्टी कर रहे थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज के होटल हावर्ड प्लाजा की बालकनी से गिरकर शनिवार की आधी रात को दिल्ली के चार्टड एकाउंटेंट की मौत हो गई। वह अपने तीन दोस्तों के साथ आगरा घूमने आए थे। चार्टड एकाउंटेंट की हादसे में मौत के मामले की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि चार्टड एकाउंटेंट द्वारा दोस्तों से बालकनी में बातचीत करते समय पैर फिसलने से हुआ।
इंस्पेक्ट ताजगंज उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया गली नंबर 15 मंडौली, नाथूराम कालोनी, पूर्वी दिल्ली निवासी अनिल कुमार (27 वर्ष) पुत्र सुभाषचंद, चार्टड एकाउंटेंट थे। वह शनिवार को अपने दोस्तों श्रेयस मिश्रा, इशिता मिश्रा और उमेश के साथ आगरा घूमने आए थे। चारों दोस्तों ने ताजगंज के होटल हावर्ड प्लाजा शाम को करीब चार बजे चेक इन किया। शनिवार की आधी रात को चारों दोस्त होटल की तीसरी मंजिल पर बालकनी में पार्टी कर रहे थे। बालकनी की रेलिंग के सहारे खड़े अनिल कुमार दोस्तों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया। वह असंतुलित होकर होटल की तीसरी मंजिल की बालकनी से गिर गए।
इससे दोस्तों में अफरातफरी मच गई। वह उन्हें गंभीर हालत में पास के अस्पताल में लेकर गए। वहां से एसएन इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होटल के स्टाफ द्वारा सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोस्तों द्वारा हादसे की जानकारी अनिल के स्वजन को दे दी। रविवार की सुबह वह भी आगरा पहुंच गए। स्वजन ने पुलिस को बताया अनिल अविवाहित थे। वह दोस्तों के साथ घूमने के लिए अक्सर आते रहते थे। रविवार की दोपहर स्वजन पोस्टमार्टम के बादर शव को अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली लेकर रवाना हो गए। इंस्पेक्टर उमेशचंद त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।