Murder in Agra: आगरा में फार्मा कंपनी के कर्मचारी की हत्या के तार मगटई से हैं जुड़े, चल रही इन बिंदुओं पर जांच
Murder in Agra सदर के सेवला सराय का रहने वाला कर्मचारी 25 फरवरी से था लापता। मगटई में बाइक मैकेनिक की दुकान पर खड़ाी करके गया था बाइक। कर्मचारी के नहीं लौटने पर मैकेनिक ने पुलिस को दी थी बाइक की सूचना।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के गांव मगटई में मिली फार्मा कंपनी के कर्मचारी की लाश के तार गांव से ही जुड़े होने की आशंका है। दो दिन से लापता फार्मा कंपनी के कर्मचारी किशोर कुमार के कातिलों का पता लगाने के लिए पुलिस ने अपनी जांच की शुरूआत भी गांव से की है। उसने कई लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। कर्मचारी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी। उसकी लाश को सरसों के खेत में फेंक दिया गया। कर्मचारी दो दिन से लापता था। स्वजन उसकी खोजबीन में जुटे थे। शनिवार की शाम को शव बरामद होने का पता चलने पर एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए। हत्या के पीछे रंजिश की आशंका जताई गई है।
सदर के सेवला सराय में नगला परसौती निवासी किशोर कुमार (50 वर्ष) पश्चिमपुरी में एक फार्मा कंपनी में काम करते थे। इंस्पेक्टर जगदीशपुरा बीएन सिंह ने बताया कि किशोर कुमार 25 फरवरी की सुबह दस बजे घर से कंपनी के लिए निकले थे। इसके बाद वह मगटई गांव पहुंचे, यहां बाइक मैकेनिक की दुकान पर अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। वह सरसों के खेत में शौच की कहकर गए थे। अपना मोबाइल बाइक के बैग में रख गए थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर वह बंद आया। स्वजन उनकी तलाश में जुट गए।
इसी बीच किशोर कुमार के शाम तक नहीं लौटने पर बाइक मैकेनिक ने पुलिस को बाइक छोड़कर जाने की जानकारी दी। पुलिस ने बाइक नंबर की मदद से स्वजन से संपर्क किया। उनकी गुमशुदगी दर्ज करके तलाश कर रही थी।शनिवार की शाम को छह बजे एक ग्रामीण सरसों के खेत की ओर गया। वहां हत्या करके फेंकी लाश देख इसकी सूचना पुलिस को दी।म़ृतक की शिनाख्त किशेार कुमार के रूप में की गई। स्वजन ने पुलिस को बताया कि किशोर कंपनी के कामों की वजह से काफी परेशान थे।उन्होंने घर पर भी इस बारे में बताया था। एसपी सिटी बोत्रे राेहन प्रमोद ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्याकांड का जल्दी ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
इन बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
-कर्मचारी किशोर कुमार का मगटई से क्या कनेक्शन था।
-वह बाइक को अक्सर वहां खड़ी करके जाता था अथवा पहली बार गया था।
-परिवार के लोगों को हत्याकांड में किसी पर शक है ?
-यदि शक है तो वह कितने लोगों पर है, और क्यों है
-कंपनी के कर्मचारियों और किशोर के दाेस्तों से पूछताछ