Goa to Agra Flight: ताजनगरी के पर्यटन को मिलेगी उड़ान अगर सप्ताह में दो दिन हो गोवा-आगरा फ्लाइट
Goa to Agra Flight पर्यटकों के हित में दिल्ली-आगरा-गोवा रूट पर संचालन की मांग। शनिवार को गोवा से आगरा आई थी एयर इंडिया की फ्लाइट। इंडिगो द्वारा आगरा से भोपाल लखनऊ और बेंगलुरू के लिए 28 मार्च से फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की गई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। 2020 में कोरेाना काल से जूझते पर्यटन उद्यमियों के लिए वर्ष 2021 का पहला महीना उम्मीदें जगाना वाला रहा है। डाेमेस्टिक फ्लाइटों की घोषणा और शुरुआत ने उन्हें डोमेस्टिक टूरिज्म के परवाज भरने के सपने दिखाए हैं। साप्ताहिक गोवा-आगरा-दिल्ली फ्लाइट को वो सप्ताह में दो दिन करने और इसे दिल्ली-आगरा-गोवा रूट पर संचालित करने की मांग कर रहे हैं, जिससे पर्यटकों को सहूलियत हो।
इंडिगो द्वारा आगरा से भोपाल, लखनऊ और बेंगलुरू के लिए 28 मार्च से फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की गई है। एयर इंडिया की गोवा-आगरा-दिल्ली फ्लाइट शनिवार को आगरा आई। पहली बार गोवा फ्लाइट शुरू होने से अागरा के पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं, लेकिन सप्ताह में केवल एक ही दिन फ्लाइट है और वापसी में फ्लाइट नहीं है। इसके चलते पर्यटन कारोबारियों ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और एयर इंडिया को ट्वीट करना शुरू कर दिया है।
गोवा-आगरा-दिल्ली फ्लाइट शुरू किया जाना अच्छा कदम है, लेकिन यह फ्लाइट तभी उपयोगी साबित हो सकती है, जबकि वापसी में भी इसका संचालन हो। इसे सप्ताह में दो दिन कर दिया जाए तो यह पर्यटकों के लिए मुफीद साबित हो सकती है।
-राजीव तिवारी, पर्यटन कारोबारी
एयर इंडिया की गोवा-अागरा फ्लाइट से दोनों शहरों में पर्यटन बढ़ेगा। इस फ्लाइट को अगर आगरा से गोवा के लिए भी चलाया जाए तो यह पर्यटकों के लिए अधिक उपयोगी बन सकती है। इसे सप्ताह में कम से कम दो दिन संचालित किया जाना चाहिए।
-प्रहलाद अग्रवाल, अध्यक्ष आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर