Events in Agra: अप्सा आज करेगा होनहारों का सम्मान,जानिए और क्या होगा शहर में खास
Events in Agra आज गुरुवार है। आज शहर में धार्मिक और सामाजिक दोनों ही तरह के कार्यक्रम आयोजित होंगे। अप्सा आज सम्मान समारोह का आयोजन करेगी। शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गुरुवार को कलक्ट्रेट में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह को सौंपेगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। आज गुरुवार है। आज शहर में सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रहने वाली है। सम्मान समारोह से लेकर बलिदान दिवस तक मनाया जाएगा। वहीं शिक्षक महासंघ लंबित समस्याओं को लेकर डीएम आगरा को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आइये जानते हैं आज आपके शहर में क्या रहने वाला है खास।
होनहारों का सम्मान
एसोसिएशन आफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स आफ आगरा (अप्सा) आज सम्मान समारोह का आयोजन करेगी। सेंट पीटर्स कालेज सभागार में होने वाले इस आयोजन में सदस्य विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं के टापर विद्यार्थी सम्मानित किए जाएंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। मुख्य अतिथि आगरा डायोसिस के डायरेक्टर आफ एजूकेशन फादर जार्ज पाल होंगे।
सौंपेंगे ज्ञापन
शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गुरुवार को कलक्ट्रेट में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह को सौंपेगा। इस 10 सूत्रीय मांगों में सबसे महत्वपूर्ण परिषदीय शिक्षकों की वार्षिक गोपनीय आख्या के पैरामीटर बदलने की है, जिनमें अधिकांश शैक्षिक व्यवस्था से संबंधित न होकर शिक्षकों के शोषण, दमन व अधिकारियों के भ्रष्टाचार का जरिए बनेंगे। इसके साथ अन्य समस्याओं को भी उठाया जाएगा।
मनाएंगे बलिदान दिवस
अमर शहीद हेमू कालानी का 78वां बलिदान दिवस गुरुवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर सिंधी युवा मंच और पूज्य सिंधी जनरल पंचायत शाहगंज तहसील चौराहा स्थित शहीद हेमू कालानी की प्रतिमा पर शहीद बलिदान दिवस मनाएगी। इसमें सिंधी समाज उन्हें श्रद्धांजलि देगा।
मेले का आयोजन
पौष सुदी अष्टमी पर साकेत कालोनी, शाहगंज स्थित मल्ल का चबूतरा, श्मशान घाट स्थित प्राचीन बटुक भैरवनाथ मंदिर पर मेले एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन प्राचीन बटुक भैरवनाथ मंदिर समिति करेगी।