Agra Weather Forecast: आगरा में सता रहा कोहरा, तापमान में आ रही लगातार गिरावट
Agra Weather आगरा में गुरुवार सुबह से घना कोहरा छाया। हाईवे के अलावा शहर के अंदरूनी इलाकों में भी दृश्यता शून्य रही। सुबह 10 बजे के आसपास निकली धूप। सर्द हवाओं ने लौटाई गलन भरी सर्दी। न्यूनतम तापमान में आज आएगी और गिरावट।
आगरा, जागरण संवाददाता। तापमान के मामले में ताजनगरी ने जम्मू को भी पीछे छोड़ दिया है। न्यूनतम तापमान इस समय यहां जम्मू से कम आंका जा चुका है। वहीं कोहरा भी सता रहा है। गुरुवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा और हाईवे पर दृश्यता शून्य जैसी स्थिति रही। इधर गुरुवार को तापमान में और ज्यादा गिरावट आने की संभावना है।
मकर संक्रांति का दिन है और सुबह से सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। नौ बजे का तापमान का तापमान नौ डिग्री दर्ज किया जा चुका है। बुधवार के मुकाबले हालांकि अभी एक डिग्री की बढ़ोत्तरी है। मौसम विभाग ने बुधवार को अधिकतम 20 और न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना जताई है। इससे पहले बुधवार को घना कोहरा छाने से द्रश्यता शून्य हो गई थी, सुबह पास में खडे लोग भी दिखाई नहीं दिए। धूप निकलने से भी सर्दी से राहत नहीं मिली, गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे। इससे जम्मू से भी ठंडी ताजनगरी की सुबह रही। सुबह घना कोहरा छाने से कुछ दूरी पर भी लोग दिखाई नहीं दिए। सात बजे तक द्रश्यता शून्य रही, नौ बजे के बाद कोहरा छटने लगा। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकली। मगर, शीतलहर चलने से धूप निकलने के बाद भी सर्दी से कंपकंपी छूटने लगी। दोपहर तीन बजे तक धूप निकली, इसके बाद तेज सर्द हवा चलने लगी। न्यूनतम तापमान सामान्य आठ डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस कम 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू कश्मीर का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस कम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
19 जनवरी तक छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को सुबह कोहरा छाएगा, दोपहर में धूप निकल सकती है। सर्द हवा चलने से धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। 19 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।