Jones Mill Case: जोंस मिल प्रकरण में CM Yogi तक पहुंचेगी व्यापारियों की फरियाद
Jones Mill Case नगर विकास राज्यमंत्री ने सीएम से न्याय दिलवाने का भरोसा दिया। लखनऊ में भाजपा प्रदेश के संगठन महामंत्री से भी मिले व्यापारी। एक पक्षीय कार्रवाई के विरोध में जोंस मिल संघर्ष समिति के बैनर तले व्यापारियों का संघर्ष जारी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। जोंस मिल प्रकरण में न्याय को लेकर व्यापारियों ने लखनऊ तक में घेराबंदी शुरू कर दी है। रविवार को जहां नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता को आगरा में ज्ञापन दिया वहीं, कुछ व्यापारी लखनऊ में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल से भी मिले। राज्यमंत्री ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया है कि वह उनकी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। सीएम के माध्यम से उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। एक पक्षीय कार्रवाई के विरोध में जोंस मिल संघर्ष समिति के बैनर तले व्यापारियों का संघर्ष जारी है। रविवार को समिति के पदाधिकारियों ने नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता और अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. सुमंत गुप्ता को ज्ञापन दिया। सुमंत गुप्ता ने कहा कि परिषद व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इधर, आशुतोष वार्णेष्य के नेतृत्व में संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल से मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सुनील बंसल को बताया कि जीवनी मंडी स्थित जिस खाटू श्यामजी मंदिर में वह दर्शन करने आए थे, उसके आसपास की गरीबों की बस्तियों को उजाड़ने की साजिश प्रशासन रच रहा है। व्यापारियों का कहना है कि सुनील बंसल ने मंदिर के साथ-साथ आवासीय और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को न उजड़ने देने का उन्हें आश्वासन दिया है। खाटू श्यामजी मंदिर सहित उन सभी आवासीय व व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बैनामा कराए गए हैं। साथ ही स्टांप शुल्क करने के साथ ही सभी कानूनी कार्रवाई पूरी की गई हैं। इस संबंध में प्रशासन पहले ही हाईकोर्ट में हलफनामा देकर इन बैनामों की वैधता की पुष्टि कर चुका है लेकिन अब वह अपनी ही रिपोर्ट के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। राज्यमंत्री को ज्ञापन देने वालों में बृजमोहन अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, अतुल बंसल, विशाल बंसल, अरुण गुप्ता, अमित अग्रवाल, मुकेश जैन, राजेश जैसवाल, अंशुल दौनेरिया, कंहैया लाल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल आदि मौजूद थे।