हाईवे का कामायनी और बाईपुर कट बंद, लोग परेशान
हाईवे का कामायनी और बाईपुर कट बंद लोग परेशान
आगरा,जागरण संवाददाता।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड ने बिना किसी सूचना के नेशनल हाईवे-19 स्थित कामायनी और बाईपुर कट को बंद कर दिया है। लोहे की जाली लगाने से लोग पैदल तक नहीं निकल सकते हैं। इसके चलते सिकंदरा तिराहा और गुरु का ताल कट पर जाम लग रहा है।
नेशनल हाईवे-19 को वर्ष 2000 में चार लेन किया गया था। वर्ष 2012 से छह लेन करना शुरू हुआ था। यह कार्य वर्ष 2017 तक पूरा होना चाहिए लेकिन अभी तक 90 फीसद कार्य हुआ है। एनएचएआइ की टीम ने गुरुवार सुबह लोहे की जाली लगाकर कामायनी अस्पताल के कट को बंद कर दिया। कट से हर दिन हजारों की तादाद में लोग निकलते थे। लोगों को अब आधा किमी का चक्कर लगाकर आना पड़ेगा। कुछ यही हाल बाईपुर कट का है। वहीं सिकंदरा थाना के सामने के कट के कुछ हिस्से को बंद कर दिया गया है।