World Heart Day: कोविड-19 के दौर में दिल की करें देखभाल, बदलेंगे दिनचर्या तो हमेशा रहेगा ये तंदुरुस्त
World Heart Day गलत खान-पान और पटरी से उतरी दिनचर्या दे रही है दिल का रोग। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक दिल की समस्या की चपेट में आ रहे हैं। अब तो युवाओं में भी देखने को मिल रहे हार्ट अटैक के केस।
आगरा, प्रतीक गुप्ता। विश्व ह्दय दिवस आज है। कोविड-19 के समय में दिल का खास ख्याल रखने की जरूरत है। दिल को सुरक्षित रखने के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। अव्यवस्थित दिनचर्या, तनाव, गलत खान-पान, पर्यावरण प्रदूषण एवं अन्य कारणों के चलते हृदय की समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं। छोटी उम्र से लेकर बुजर्गों तक में हृदय से जुड़ी समस्याएं होना आम बात हो गई है। ऐसे में अपने दिल के लिए जागरूक रहेंं। जरूरी सावधानी अपनाकर खुद को सुरक्षित रखें।
जिंदगी की भाग दौड़ में सुख व शांति और सेहत बहुत पीछे छूटती जा रही है। पुरातन समय में लोग मोटा खाते थे। मोटा पहनते थे और खूब शारीरिक मेहनत करते थे। आर्थिक उन्नति में सेहत की तरफ हमारा ध्यान कमजोर हो गया। मनुष्य की दिनचर्या पटरी से उतर गई। तनाव ने उसे घेर लिया। खान-पान ठीक नहीं है। पर्यावरण प्रदूषण, धूम्रपान, शारीरिक मेहनत आदि अन्य कारणों के चलते हृदय की समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं।
इसी के प्रति जागरूकता के लिए हर साल 29 सितम्बर को विश्व हृदय दिवस मनाया जता है। इस दिवस की शुरुआत सन 2000 में की गई थी। इसकी शुरूआत के समय यह तय किया गया था कि हर साल सितंबर माह के अंतिम रविवार को विश्व हृदय दिवस मनाया जाएगा, लेकिन 2014 में इसके लिए एक तारीख निर्धारित कर दी गई, जो 29 सितंबर थी। तभी से प्रतिवर्ष 29 सितंबर के दिन विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है।
ऐसे रखें अपने दिल को सुरक्षित
- सुबह- शाम के समय पैदल चलें
- व्यायाम के लिए भी समय निकालें।
- ताजे फल और सब्जियों को खाएं।
- भोजन में नमक और वसा की मात्रा कम कर लें।
- धूम्रपान या नशीली पदार्थ का सेवन बिल्कुल बंद कर दें।
इतने प्रकार के होते हैं ह्दय रोग
-हार्ट अटैक
-दिल की विफलता
-एनजाइना
-कोरोनरी धमनी की बीमारी
-अनियमित दिल की धड़कन
-एथेरोस्क्लेरोसिस
-हृदय वाल्व रोग
-दिल में छेद
-रूमैटिक हार्ट डिजीज
-बाहरी धमनी की बीमारी
-कार्डियोमायोपैथी
-रक्त धमनी का रोग
वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या, तनाव, गलत खान-पान के चलते ह्दय की समस्या बढ़ गई। ह्दय के प्रति सभी को जागरूक रहने की जरूरत है। थोड़ी सी दिक्कत महसूस होने पर डाक्टर को जरूर दिखाएं।
डा.आरसी पांडेय, सीएमओ आगरा