Prisoner Escaped: अस्थाई जेल से फरार कोरोना पॉजिटिव बंदी पहुंचा भिंड जेल, पुलिस तलाशती रह गई
Prisoner Escaped कोरोना पॉजिटिव है बंदी बहन को जेल भेज चुकी है पुलिस। चाकू के साथ उसी थाने में पकड़ा गया जिसमें था गांव का सिपाही।
आगरा, जागरण संवाददाता। अस्थाई जेल से सात दिन पहले फरार बंदी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी। जगह- जगह दबिश दी जा रही थी। मगर, वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर सेटिंग से मप्र के भिंड देहात कोतवाली में गिरफतार हुआ और जेल चला गया। उससे वहां चाकू बरामद हुआ है।
खंदौली के नंदलाल पुर निवासी रवि सिकरवार चोरी के आरोप में हरीपर्वत थाने के सामने क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में बनी अस्थाई जेल में बंद था। 10 अगस्त को वह अस्थाई जेल से फरार हो गया था। उसके कोरोना संक्रमित होने के कारण पुलिस प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। तलाश में सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 14 अगस्त को पुलिस ने उसके घर दबिश दी। इस दौरान उसकी बहन ने उसको वहां से भगा दिया। पुलिस ने बहन विमलेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद अन्य रिश्तेदारियों में दबिश दी जा रही थी। इंस्पेक्टर हरीपर्वत अजय कौशल ने बताया कि रवि मूल रूप से अछनेरा का रहने वाला है। उसके गांव का एक सिपाही भिंड देहात कोतवाली में तैनात है। 15 अगस्त को रवि भिंड देहात थाना क्षेत्र में चाकू के साथ गिरफ्तार हो गया। वह फिलहाल भिंड जेल में है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यहां बहन की गिरफतारी के बाद वह दबाव में आ गया था। इसके बाद वह सेटिंग से जेल गया है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत अजय कौशल ने बताया कि रवि को बी वारंट पर यहां लाया जाएगा। इसकी भी जांच की जा रही है कि वह चाकू के साथ वहां कैसे गिरफ्तार हुआ।
अस्थाई जेल की सुरक्षा पर सवाल
अस्थाई जेल से बंदी के भागने के बाद सुरक्षा पर सवाल उठे थे। इसमें एक डिप्टी जेलर, आठ बंदी रक्षक, एक प्लाटून पीएसी और होमगार्ड तैनात हैं। गेट और अंदर ड्यूटी रहती है। इसके बाद भी यहां से बंदी फरार हो गया। आशंका थी कि वह अस्थाई जेल की नीची बाउंड्रीवाल से कूदकर भागा।
दीवानी से भी भागने का किया था प्रयास
रवि ने कोर्ट में पेश होने के बाद दीवानी से भी भागने का प्रयास किया था। पुलिसकर्मियों ने पीछा करके उसको पकड़ा था। इसके बाद भी इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। न ही जेल अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। अब उसके अस्थाई जेल से फरार होने के बाद यह तथ्य सामने आया।