Late Night Dispute: तीमारदार और कर्मचारी में चली झाड़ू, वीडियो वायरल, पढ़ें क्या है पूरा मामला
Late Night Dispute बुधवार की रात दो बजे मोबाइल चोरी होने को लेकर हुआ था विवाद। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला कराया शांत तीमारदार ने नहीं दी तहरीर।
आगरा, जेएनएन। बुधवार की रात फीरोजाबाद के सरकारी ट्रामा सेंटर में मोबाइल चोरी होने के बाद तीमारदार और कर्मचारी में जमकर झाड़ू चली। यह देखकर अन्य तीमारदार और स्टाफ में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।
बुधवार की रात थाना मक्खनपुर के साढूपुर निवासी जगदीश पुत्र ठाकुरदास खेत पर लगे अपने नलकूप पर सो रहा थे। रात 11 बजे गांव के ही रमजान ने धारदार हथियार से उस पर हमला बोल दिया। मुंह और गर्दन पर वार होने से वह लहूलुहान हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग गया। जानकारी होने पर स्वजन उसे ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां घायल का पुत्र पिंटू बरामदे में बैठा था। इस दौरान उसका मोबाइल चोरी होने पर एक कर्मचारी से विवाद हो गया। विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों में झाड़ू से एक दूसरे पर हमला बोल दिया। यह देखकर मौके पर मौजूद अन्य तीमारदार और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने दोनों को अलग- अलग किया। पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मपाल सिंह पहुंच गए। उन्होंने बताया कि दोनों से पूछताछ कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली है। फिलहाल इस संबंध में तहरीर नहीं दी गई है।
बता दें कि वायरल हुए वीडियो में दोनों पक्षों में जमकर हाथापाइ दिख रही है। दोनों एक दूसरे पर झाड़ू से हमला बोलते दिख रहे हैं। ट्रॉमा सेंटर का स्टाफ बीच बचाव कर रहा है। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग वीडियो बनाते भी दिख रहे हैं। दोनों में जमकर गाली गलौज भी हुइर्। समय रहते ट्रॉमा सेंटर के स्टाफ ने पुलिस को सूचित कर दिया वरना विवाद बढ़ सकता था। महज मोाबाइल चोरी के शक के कारण ट्रॉमा सेंटर में मौजूद मरीजों और तिमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग अपने गंभीर मरीजों को छोड़कर विवाद के निपटारे में लग गए।