सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष और बेटे पर बहू ने कराया मुकदमा, ये लगाए हैं आरोप
बहू ने पति और पूर्व सपा महानगर अध्यक्ष ससुर पर लगाया लाखों रुपये हड़पने का आरोप।
आगरा, जागरण संवाददाता। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा और उनके बेटे के खिलाफ थाना हरीपर्वत में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह मुकदमा पूर्व सपा नेता के बेटे की बहू ने ही दर्ज कराया है। आरोप है कि उनके खाते से फर्जी हस्ताक्षर करके 11 लाख रुपए निकाले गए। इसके बाद महिला के खाते से राजेंद्र शर्मा ने पौन आठ लाख का टैक्स जमा कर दिया।
मामले के अनुसार सपा नेता की बहू ने उनके और अपने पति समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। दिल्ली में सनव्यू अपार्टमेंट, सेक्टर चार द्वारिका की रहने वाली प्रिया शर्मा के अनुसार उनकी शादी मनुज शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी लाजपंज कुंज,हरीपर्वत से हुई थी। उनके दो बेटी हैं। प्रिया का आरोप है कि उन्होंने मौसूमा हैरिटेज टावर, देवीराम हलवाई के पास एक दुकान खरीदी थी। इसका बैनामा उनके नाम था। अक्टूबर 2017 को उसके पति मनुज शर्मा, ससुर राजेंद्र शर्मा, चालक ओमप्रकाश और विकास शर्मा ने डरा धमका करके दुकान का बैनामा किसी और के नाम करा दिया।
बैनामे के 22.50 लाख रुपये उसके खाते में जमा कराए गए। ससुर ने फर्जी तरीके से हस्ताक्षर तैयार कर उसके खाते से पहले 11 लाख रुपये निकाले। इसके बाद उन्होंने अपने पैन कार्ड से उसके खाते से 7.75 लाख रुपये का टैक्स जमा कर दिया। उसने जब 18.75 लाख रुपये वापस मांगे तो मारपीट की गई।
उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया गया। इस पर वह दोनों बोटियों के साथ दिल्ली आकर रहने लगी।प्रिया ने आइजी रेंज के यहां शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर हरीपर्वत थाने में प्रिया के पति मनुज शर्मा, ससुर राजेंद्र शर्मा, चालक ओमप्रकाश और विकास शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओ विजय कौशल का कहना है िकि विवेचना हो रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई जल्द की जाएगी।