CoronaVirus: डीएम बोले भूलकर भी न जाएं शहर के लोग इन चार क्षेत्रों में, पढ़ें और भी क्या दीं हिदायतें
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा एक से अधिक संक्रमित केस मिलने वाले क्षेत्र पूरी तरह सील। खतरा बढ़ा लेकिन एहतियात बरतें।
आगरा, जागरण संवाददाता। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा है कि जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 50 हो चुकी है। जिनमें से आठ लोग सकुशल अपने घर जा चुके हैं। बाकि का इलाज चल रहा है। अब एक्टिव केस 42 हैं। इनमें से कुछ ऐसे सेंटर्स हैं जहां एक से अधिक संक्रमित मिले हैं। ऐसेे क्षेत्रों में लोगों को अतिरिक्त ध्यान रखना होगा। डीएम ने बताया इन क्षेत्रों में सबसे पहला नाम नामनेर का है। लोगों से अपील है कि इस क्षेत्र के आसपास अभी न जाएं। इसके अतिरिक्त जीवनी मंडी क्षेत्र में कृष्णा बिहार कॉलोनी, मोहनपुरा रावली और बाईपास रोड पर वाटरवर्क्स क्षेत्र के आसपास में एक से अधिक केस मिले हैं। लोग इन क्षेत्रों में न जाएं। इसके अलावा जो जमात से जुड़े लोगों की संख्या थी वो 31 है। यहां भी अलग से आठ विभिन्न क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया है। यहां जाना आना बिल्कुल बंद कर दिया गया है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए अलग से व्यवस्था कर दी गई है। लोगों से अपील है कि कोरोना संक्रमित संवेदनशील क्षेत्र में न जाएं। घर से बाहर किसी अन्य से बात करते वक्त मास्क जरूर लगाएं। क्योंकि सावधानी ही एकमात्र बचाव है। बचाव के इस तरीके को किसी भी परिस्थिति में नजरअंदाज न करें।
कॉल सेंटर में शिकायतों में आई कमी
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कॉल सेंटर के बारे में जानकारी दी कि प्रदेश में कुछ समय पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरंभ किये हैं। आगरा जिले में कॉल सेंटर 25 मार्च से सुचारू है। जोकि 15 अप्रैल तक जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। अभी तक आगरा सेंटर में कुल 7287 शिकायतें आ चुकी हैं। ये सभी कॉल अलग अलग समस्याओं को लेकर आईं थीं। कॉल एनालाइस में देखा जाता है कि सबसे ज्यादा समस्या किस चीज को लेकर आ रही है। जब लॉकडाउन शुरु हुआ था तो सबसे ज्यादा शिकायतें आटेे को लेकर थीं। इसमें आटे की उपलब्धता से लेकर काला बाजारी तक की शिकायतें थीं। अब आटे की समस्या को लेकर कॉल बहुत कम रह गईं हैं। रविवार को कुल 15 कॉल आटे की समस्या के लिए आए थे। जबकि शनिवार को एक भी कॉल नहीं आया था। सब्जी और फलों को लेकर भी काफी शिकायतें रहती थीं लेकिन ये शिकायतें भी काफी कम रह गईंं हैं। रविवार को सिर्फ 9 शिकायतें ही मिलीं। खाद्य प्रदार्थों को लेकर भी काफी शिकायतें आती थीं। इनमें भी काफी कमी आई है। पिछले 24 घंटे में कुल 25 शिकायतें आई हैं। दवाओं को लेकर शुरु से लोगों को कम शिकायतें थीं। ये भी 24 घंटे में कुल चार ही आईं हैं। अन्य श्रेणियों में कमी आई है। 24 घंटे में 200 शिकायतें आई हैं, जिनमें राशन वितरण को लेकर लोगों की काफी समस्या है। जल्द ही इस समस्या का समाधान भी किया जाएगा। जनपद में कुल 6.93 लाख राशन कार्ड उपभोक्ता हैं। कुल उपभोक्ताओं को एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक 5 लाख 39 हजार लोगों को राशन का वितरण कर दिया है। इसमें से 86 हजार ऐसे लोग हैं जिन्हें निश्शुल्क राशन का वितरण किया गया है। जिले में टीम कार्य कर रही है। जिस तरह से आठ संक्रमित लोगों को उनके घर सकुशल भेजा है उसी तरह से जनपद के स्वास्थ टीम अपना 100 प्रतिशत देकर बाकियों को भी सकुशल उनके घर भेजने के लिए प्रयासरत है।