CoronaVirus: आपात स्थिति की तैयारी, Train में आइसोलेशन वार्ड बनाने का काम चल रहा युद्धस्तर पर
रेलवे 30 कोच का बना रहा आइसोलेशन वार्ड। कोरोना के मरीज बढऩे किया जाएगा इस्तेमाल।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस से जंग में किसी भी आपात स्थिति का सामना करने की तैयारी है। अब आगरा में रेलवे ने भी तैयारी शुरू कर दी है। हर दिन कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढऩे के चलते रेलवे ने ट्रेनों के कोचों को हास्पीटल में बदलना शुरू कर दिया है। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में 30 कोच को आइसोलेशन वार्ड में बदलना है। इसका काम शुरू हो चुका है। वहीं एसएन मेडिकल कॉलेज में भी आइसोलेशन वार्ड में बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है।
रेलवे का कैरिज एंड वैगन विभाग यह काम कर रहा है। इन कोच में कोरोना मरीजों के लिए बीच की बर्थ को एक तरफ से हटा दिया गया है। रोगी के सामने की तीनों सीटों को हटाया गया है। ऊपर बर्थ पर चढऩे वाली सीढ़ी भी हटा दी गई है। एक कोच में नौ वार्ड बनाए जा रहे हैं। वार्ड में केवल एक ही रोगी रहेगा। आइसोलेशन कोच को तैयार करने के लिए बाथरूम, गैलरी में बदलाव किया गया है। आगरा रेल मंडल के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि आइसोलेशन कोच तैयार करने का काम चल रहा है। मंडल में 30 कोच तैयार किए जाएंगे।
कोच में होगी ये सुविधाएं
आइसोलेशन वार्ड कोच में शौचालय व स्नानागार की व्यवस्था भी होगी। टायलेट में लगे नल को ऊंचा किया जाएगा, जिससे बाल्टी में पानी भरने में परेशानी न हो। कोच में हर वार्ड में चिकित्सीय उपकरण और आक्सीजन सिलेंडर की भी व्यवस्था होगी। मेडिकल सामग्री रखने के लिए हर केबिन में दो बोतल होल्डर रहेंगे। वेंटिलेशन के लिए हर खिड़की पर मच्छरदानी लगाई जाएगी। हर केबिन में डस्टबिन लगाया जाएगा।
हॉस्पीटल में भी बनाए वार्ड
रेलवे हॉस्पीटल में भी कोरोना के लिए 135 बैड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसमें ईदगाह और फोर्ट स्टेशन पर के नरिंग रूम को आइसोलेशन वार्ड में तब्दील किया गया है।
एसएन में बढाए 140 बेड
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढने पर आइसोलेशन वार्ड में बेड की संख्या बढाई जा रही है। एसएन के स्त्री रोग विभाग की नई और पुरानी बिल्डिंग में आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। इससे एसएन में 200 बेड हो जाएंगे। एसएन इमरजेंसी के प्रथम तल पर आइसोलेशन वार्ड में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। संदिग्ध मरीजों को भूतल पर भर्ती किया जा रहा है। यहां आइसोलेशन वार्ड में 60 बेड हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढने पर इलाज के इंतजाम बढाए जा रहे हैं। इसके लिए स्त्री रोग विभाग को लेडी लॉयल महिला चिकित्सालय में शिफ्ट किया जाएगा। नई बिल्डिंग में 100 और स्त्री रोग विभाग की पुरानी बिल्डिंग के 40 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा रहा है।
उधर, एसएन में डयूटी करने वाले डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए गल्र्स हॉस्टल और गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। संदिग्धों के लिए एसएन के नेत्र रोग विभाग को क्वारंटाइन सेंटर बनाया है।
नयति और मूलचंद हॉस्पिटल में क्वारंटाइन के लिए 167 कमरे
क्वारंटाइन सेंटर के लिए नयति हॉस्पिटल, सिकंदरा और मूलचंद मेडिसिटी रुनकता को अधिग्रहित किया गया है। इन दोनों अस्पतालों के क्वारंटाइन सेंटर में 167 कमरे रखे गए हैं। इन्हें जरूरत पडने पर इस्तेमाल किया जाएगा।