TrumpVisitIndia: नाइट विजन दूरबीन से लैस रहेंगे Trump की सुरक्षा में पुलिसकर्मी Agra News
आगरा पुलिस ने की है 150 दूरबीन की व्यवस्था। 80 लखनऊ स्थित सुरक्षा मुख्यालय से मंगाईं। ताज के आसपास की झाडिय़ों में डयूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए एलईडी टॉर्च भी खरीदी।
आगरा, जागरण संवाददाता। छतों पर ड्यूटी के दौरान स्नाइपरों के साथ पुलिसकर्मी भी नीचे की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। दूर तक की निगरानी करने के लिए रूफ टॉप ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मियों को नाइट विजन दूरबीन दी जाएंगी। आगरा में कुछ दूरबीन पहले से थीं। 80 दूरबीन लखनऊ से मंगवाई हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगरा दौरे के लिए अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी के साथ आगरा पुलिस भी अपने पूरे संसाधन जुटा रही है। ड्यूटी के दौरान डंडों से लेकर अत्याधुनिक हथियार दिए जा रहे हैं। एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के रूट पर छतों पर डेढ़ सौ से अधिक की ड्यूटी लगाई गई हैं। इन सभी को पुलिस हथियार के साथ-साथ नाइट विजन दूरबीन भी देगी। इससे वे रूट पर बारीकी से निगरानी रखेंगे। इसके लिए 80 दूरबीन सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से मंगाई गई हैं। शेष आगरा में उपलब्ध थीं। एसएसपी बबलू कुमार ने उच्च क्वालिटी की 300 एलईडी टॉर्च खरीदी हैं। ये ताजमहल के आसपास झाडिय़ों में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को दी जाएंगी।
चिली ग्रेनेड से लेकर डाई मार्कर ग्रेनेड का भी इंतजाम
अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे के समय पुलिस ने 426 चिली ग्रेनेड और 178 डाई मार्कर ग्रेनेड का इंतजाम किया है। ये पहले से ही पुलिस के पास उपलब्ध थे। चिली ग्रेनेड भीड़ को खदेडऩे में कारगर होता है और डाई मार्कर बलवाइयों को चिह्नित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।