Donald Trump India Visit: CM का बदला कार्यक्रम, जाएंगे कोठी मीना बाजार भी Agra News
अमेरिका के राष्ट्रपति के आगमन से संबंधित रूट पर चल रहीं युद्धस्तर पर तैयारियां। निरीक्षण और बैठकों का दौर जारी। सीएम की बैठक में रहेगी अमेरिकी एडवांस टीम।
आगरा, जागरण संवाददाता। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 24 फरवरी को आगरा आगमन को देखते हुए तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। स्वागत मेें कोई कोर-कसर न रह जाए और सुरक्षा में कोई लापरवाही। इस सब का जायजा लेने खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा आ रहे हैं। वे यहां तैयारियों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। अपने तय कार्यक्रम शाम 4: 15 बजे से एक घंटा पहले दोपहर 03:40 बजे सीएम योगी आगरा पहुंचेंगे। वे खेरिया एयरपोर्ट से निरीक्षण करने के बाद प्रतापपुरा सुभाष पार्क होते हुए कोठी मीना बाजार पहुंचेंगे। जहां वह आधे घंटे तक रहेंगे। ताजा अपडेट के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आने के कम आसार हैं।
इससे पहले सोमवार शाम डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा का खाका खींचने के लिए अमेरिकी एडवांस टीम आगरा पहुंच चुकी थी। एडवांस टीम मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने जा रही बैठक में भी मौजूद रहेगी। अमेरिकी एडवांस टीम विदेश मंत्रालय के अफसरों के साथ मंगलवार को ट्रंप आगमन के रूट का निरीक्षण करेगी। इससे पूर्व टीम सुबह साढ़े नौ बजे बैठक करेगी। मंगलवार को सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तैयारियों की समीक्षा करेंगे। ट्रंप का प्रस्तावित कार्यक्रम भी सोमवार शाम जारी हो गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सोमवार को अधिकारियों की बैठक और निरीक्षण के दौर चलते रहे। रूट का कई बार निरीक्षण किया गया। सोमवार दोपहर तीन बजे मुख्य सचिव आरके तिवारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) थी। वीसी से तैयारियों की समीक्षा होनी थी लेकिन किसी कारणवश इसे रद कर दिया गया।
साढ़े तीन घंटे शहर में रहेंगे सीएम
सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को शहर में साढ़े तीन घंटे रहेंगे। वह यहां शाम 3:40 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। खेरिया एयरपोर्ट से सीधे कोठी मीना बाजार में श्रम विभाग द्वारा आयोजित किये गए सामूहिक विवाह समारोह में में जाएंगे। यहां से वे 4:35 बजे अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। 5:30 बजे सर्किट हाउस में इसी संदर्भ में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वे 6:50 बजे वापस लखनऊ रवाना हो जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। नियमित अंतराल में इसकी रिपोर्ट मांगी जा रही है।
अनिल कुमार, मंडलायुक्त आगरा
नगर निगम, एडीए, लोक निर्माण सहित अन्य विभागों को संबंधित कार्य आवंटित कर दिए गए हैं। इनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रभु एन. सिंह, डीएम आगरा