ताजमहल पर पर्यटकों के लिए नई मुसीबत, नया नियम करेगा परेशान Agra News
क्लॉक रूम में अब नहीं रख सकेंगे लैपटॉप और बिना ताले वाले बैग। एएसआइ ने पूर्वी व पश्चिमी गेट स्थित क्लॉक रूम पर लगाए नोटिस।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल के दीदार को आने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों के लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है। अब वो स्मारक के क्लॉक रूम में लैपटॉप और बिना ताले वाले बैग नहीं रख सकेंगे। ऐसा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) की नई व्यवस्था के चलते हो रहा है। ऐसा होने से उन पर्यटकों को सीधे तौर पर दिक्कत का सामना करना पड़ेगा, जो बस या ट्रेन से यहां आते हैं और क्लॉक रूम में अपना सामान रखकर स्मारक का दीदार करते हैं।
ताज देखने प्रतिदिन औसतन 15 से 20 हजार देसी-विदेशी पर्यटक आते हैं। ताज में कई वस्तुएं प्रतिबंधित हैं। ताज पूर्वी गेट पर रेवती के बाड़े और ताज पश्चिमी गेट पर सहेली बुर्ज (सती उन्निसा के मकबरे) के सामने बने क्लॉक रूम (लॉकर रूम) में पर्यटक अपने बैग, लैपटॉप आदि रख दिया करते थे। मगर, अब ऐसा नहीं हो सकेगा। एएसआइ ने दोनों क्लॉक रूम पर बिना ताले लगे बैग जमा नहीं किए जाने का नोटिस लगा दिया है। वहीं, लैपटॉप भी लॉकर रूम में नहीं रखा जाएगा। ताज देखने आने वाले देसी-विदेशी सैलानी बैग और लैपटॉप लेकर आते हैं। अब तक वो इन्हें क्लॉक रूम में रख दिया करते थे। उन्हें अब नई व्यवस्था के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के उपाध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि ताज पर पहले से ही पर्यटकों पर कई पाबंदियां लागू हैं। लैपटॉप लेकर चलना आज सामान्य बात हो चुकी है। उसे क्लॉक रूम में नहीं रखा जाना समझ से परे है।
क्लॉक रूम में यह सामग्री नहीं रख सकेंगे
-लैपटॉप, माइक व मूल्यवान इलेक्ट्रोनिक उपकरण।
-धूमपान का सामान व पान मसाला।
-ड्रोन कैमरा व मूल्यवान कैमरा।
-ज्वलनशील पदार्थ, विस्फोटक सामग्री, हथियार, औजार आदि।
-खुला खाद्य एवं पेय पदार्थ।
-हेलमेट, ताला रहित बैग, बड़े बैग, ट्रॉली बैग व मूल्यवान पदार्थ जैसे ज्वेलरी आदि।