UP Weather 2019: उमस से मिली राहत, बारिश ने किया मौसम सुहाना Agra News
आगरा मंडल में हो रही रुक रुक कर बारिश। ठंडी हवाओं से बदला मौसम।
आगरा, जागरण संवाददाता। कई दिन की गर्मी और उमस से जोरदार बारिश ने राहत दी। सुबह से तेज धूप निकली हुई थी। लोग उमस से परेशान थे लेकिन दोपहर 12 बजे से शुरु हुई बारिश के चलते मौसम ने अचानक करवट ली। बारिश के कारण हवा भी ठंडी होने के कारण मौसम सुहाना हो गया है। बारिश के चलते तापमान में भी कमी दर्ज की जा ही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 और 25 सितंबर को फिर बारिश हाे सकती है।
शनिवार दोपहर हुई बारिश ने मौसम के मिजाज को नरम कर दिया। कई दिन से धूप और उमस के बीच हल्की बूंदाबांदी तो हाे रही थी लेकिन राहत नहीं मिल पा रही थी। शनिवार को भी सुबह से बारिश की उम्मीदें कम ही हो रही थीं लेकिन दोपहर 12 बजे से अचानक मौसम ने करवट ली और काले बादल छा गए। शहर में सबसे पहले बारिश की फुहारों ने ताज महल के आसपास के क्षेत्र को तरबतर किया। इसके बाद से पूरे शहर में जोरदार बारिश हुई। मौसम का यही बदलाव ग्रामीण क्षेत्र के साथ मैनपुरी, फीरोजाबाद, मथुरा सहित पूरे मंडल में है। वीकेंड होने के कारण मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए राहतभरा है।