ताजनगरी में बनेगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग थीम पार्क, जानिए क्या है योजना Agra News
बारिश के पानी को बचाने पर दिया जाएगा ध्यान। कलक्ट्रेट निगम सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में लगा है सिस्टम।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी मेें जल्द ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग थीम पार्क बनाया जाएगा। एक माह के भीतर इसके स्थल का चयन होगा और फिर इसकी खूबियां लोगों को बताई जाएंगी जिससे लोग सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित हो सकें।
नगर निगम आगरा इंदौर और बंगलुरु शहर के कई मॉडलों को अपना रहा है। इनकी स्टडी के लिए पर्यावरण अभियंता राजीव राठी को भेजा गया था। निगम में नगरायुक्त अरुण प्रकाश की मौजूदगी में बैठक हुई। पर्यावरण अभियंता ने बताया कि बारिश के पानी को बचाने के मामले में बंगलुरु का कोई जवाब नहीं है। वहां पर कई रेन वाटर हार्वेस्टिंग थीम पार्क बने हुए हैं। लोगों को इसके लिए प्रेरित किया जाता है। इससे हर साल करोड़ों लीटर पानी बर्बाद होने से बच जाता है। नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि जल्द ही स्थल का चयन किया जाएगा। उधर, कलक्ट्रेट, नगर निगम सहित अन्य सरकारी बिल्डिंगों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगा हुआ है। ऐसी बिल्डिंग जहां यह नहीं लगा है। उसे लगवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही विशेष जागरूकता अभियान भी चलेगा।