जन्मदाता ही बना ढाई माह की मासूम की जान का दुश्मन, गुनाह जानकर रह जाएंगे दंग Agra News
पिता ने ढाई माह की मासूम की हत्या कर फेंकी लाश।
आगरा, जेएनएन। बेटे की जगह बेटी को जन्म देने की एक मां को ऐसी सजा मिली की पति ने सदैव के लिए उसकी कोख उजाड़ दी। बुधवार सुबह फीरोजाबाद के मटसेना थाना क्षेत्र के मिश्री का पुरा गांव के एक खेत में ढाई माह की मासूम शव पड़ा मिला। शव की पहचान होते ही परिजनों को सूचित किया गया। बताया जा रहा है बच्ची का हत्यारा कोई और नहीं उसका पिता ही है।
दरअसल फीरोजाबाद के मटसेना थाना क्षेत्र के मिश्री का पुरा निवासी मंजू देवी पुत्री उत्तम सिंह कि डेढ़ साल पूर्व आगरा के बटेश्वर निवासी मायाराम के साथ शादी हुई थी। ढाई माह पूर्व मंजू देवी ने पुत्री नीलम को जन्म दिया। बेटी के जन्म के साथ विवाद होने लगा। मंजू का आरोप है कि बेटी होने पर पति ने मंजू देवी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद मंजू का भाई संजू उसे अपने घर ले आया।
मंगलवार की रात 11 बजे मायाराम ससुराल पहुंचा और बेटी को खिलाने के बहाने लेकर घर से निकल गया। इसके बाद मायाराम ने चाकू से गोदकर पुत्री की हत्या कर दी और बाजरा के खेत में शव फेंक दिया। जब वह काफी समय तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए,लेकिन पता नहीं चला। सुबह नीलम का शव बाजरे के खेत में पड़ा मिला। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि हत्यारे पिता को पकड़ लिया है। पूछताछ की जा रही है।