नए सिरे से तैयारी, निजी कंपनी वसूलेगी डोर-टू-डोर कूड़े का यूजर चार्ज Agra News
नगर निगम प्रशासन ने तैयार किया प्रस्ताव मिलेगा इनसेंटिव। एसआरएमटी ने कूड़े का उठान किया बंद।
आगरा, जागरण संवाददाता। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में नगर निगम बदलाव की तैयारी में है। जल्द ही कूड़े का यूजर चार्ज निजी कंपनी संभालेगी। दिल्ली की कई कंपनियों से बात चल रही है। इससे रोजगार के अवसर विकसित होंगे। वहीं प्रत्येक घर के हिसाब से कंपनी को इनसेंटिव मिलेगा।
नगर निगम में पांच साल पूर्व डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू हुआ था। निगम प्रशासन ने प्रत्येक घर से 65 रुपये, दुकान के साइज के हिसाब से डेढ़ सौ रुपये, अस्पताल, नर्सिंग होम सहित अन्य से अलग-अलग यूजर चार्ज तय है। मॉनीटरिंग ठीक तरीके से नहीं होने के चलते योजना रफ्तार नहीं पकड़ सकी। अब तक दो कंपनियां भाग चुकी हैं। पिछले दिनों नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने एसआरएमटी सहित तीन कंपनियों को नोटिस दिया था। सप्ताह भर के भीतर बकाया लोहामंडी वार्ड मेें कार्यरत एसआरएमटी ने काम बंद कर दिया। लोहामंडी की जिम्मेदारी ओम मोटर को दी गई है। वर्तमान में यह कंपनी हरीपर्वत वार्ड में कूड़ा उठान कर रही है। चार कंपनियों द्वारा शहर के तीस हजार घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है। नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़े के यूजर चार्ज की वसूली का काम निजी कंपनी को देने की तैयारी चल रही है। एक घर से जो भी कूड़े के यूजर चार्ज की वसूली कंपनी करेगी। उसी हिसाब से इनसेंटिव दिया जाएगा।
निगम के अफसरों का पकड़ा गया झूठ
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को आंकड़ों को नगर निगम प्रशासन ने बढ़ा चढ़ा कर पेश किया। यहां तक यूजर चार्ज लगातार निगम कोष में जमा होने की बात कही गई लेकिन पार्षदों ने निगम के अफसरों का झूठ पकड़ लिया। इसकी शिकायत शासन-प्रशासन में की गई है। निगम के 100 वार्डों में 3.70 लाख भवन हैं।
ये कंपनियां कर रही हैं काम
जोन का नाम, कंपनी का नाम, हाउस होल्ड, कवरेज, फीसद
- हरीपर्वत, ओम मोटर, 81066, 78684, 97.06
- ताजगंज जोन, अरबा एसोसिएट, 66881, 61762, 92.34
- लोहामंडी जोन, एसआर मैप टेक्नोलॉजी, 77111, 71626, 92.92 (काम छोड़ दिया)
- शाहगंज, सोसाइटी फॉर एजुकेशन, 61991, 55123, 88.92
- छत्ता जोन, स्पाक ब्रेसन, 159090, 145398, 91.39
ये है यूजर चार्ज की अदायगी
कंपनी का नाम, यूजर चार्ज की अदायगी, निगम से भुगतान
- स्पाक ब्रेसन, 31.34 लाख, 7.55 करोड़ रुपये
- सोसाइटी फॉर एजुकेशन, 22.56 लाख, 3.28 करोड़ रुपये
- एसआर मैप, 21.45 लाख, 4.21 करोड़ रुपये (काम छोड़ दिया)
- ओम मोटर, 41.15 लाख, 5.77 करोड़ रुपये
- अरबा एसोसिएट, 49.79 लाख, 4.98 करोड़ रुपये