अब आगरा में हो सकेगा पशुओं का Ultra Sound, जानिए कहां मिलेगी ये सुविधा Agra News
आगरा मंडल के पहले पॉली क्लीनिक का मथुरा से करेंगे पीएम मोदी लोकार्पण। 6.5 करोड़ की लागत से बनाया गया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मंडल का पहला पॉली क्लीनिक आगरा में खुलने जा रहा है। बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी मथुरा में क्लीनिक का लोकार्पण करेंगे। क्लीनिक में पशुओं का एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जांच हो सकेंगी।
बीमार पशुओं की विभिन्न जांचों के लिए पशुओं को अभी तक मथुरा जाना पड़ता था या फिर निजी अस्पतालों की मदद लेनी पड़ती थी। सरकारी अस्पताल में यह सुविधा नहीं थी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके दौनेरिया ने बताया कि बाईंपुर गांव में बेसहारा पशुओं की गोशाला बनाई गई है। इसी गोशाला के ठीक सामने पॉली क्लीनिक बनाया गया है। जहां पर विभिन्न पैथोलॉजिकल जांच के अलावा पशुओं का एक्स-रे, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य प्रमुख जांच हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि पॉली क्लीनिक का प्रचार प्रसार कराया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसान बीमार पशुओं का इलाज कराने के लिए आ सकें।
चीत गांव में बना गो संरक्षण केंद्र
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया खेरागढ़ तहसील के चीत गांव में गो संरक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। इस पर 1.20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी केंद्र का लोकार्पण करेंगे।
आठ करोड़ से अधिक की योजनाएं
पीएम नरेंद्र मोदी आगरा को आठ करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे। पॉली क्लीनिक, गो संरक्षण केंद्र के अलावा मेला शामिल हैं।
नगर निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान
बुधवार को आगरा में मंत्रियों के आगमन को देखते हुए नगर निगम की टीम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। यह अभियान खेरिया मोड़ व उसके आसपास के क्षेत्रों में चला।