कजाकिस्तान की पर्यटक का फोन आठ घंटे में ढूंढ निकाला पुलिस ने तो बोलीं थैंक यू! Agra News
महिला पर्यटक का टैक्सी में छूट गया था मोबाइल फोन। रात 11 बजे पर्यटन थाने में की शिकायत सुबह तक पुलिस ने वापस दिलाया।
आगरा, जागरण संवाददाता। विदेशी मेहमान ने आगरा की पर्यटन पुलिस को 'थैंक्यू' बोला है। महिला पर्यटक का कीमती मोबाइल फोन टैक्सी में छूट गया था। पर्यटन पुलिस ने आठ घंटे की मशक्कत के बाद फोन ढूंढकर पर्यटक को सौंप दिया। इस पर उसने पुलिस का आभार जताया है।
कजाकिस्तान की सुलेमानोवामामोरा अपनी मित्र के साथ सोमवार को ताज देखने आगरा आई थीं। वो दिल्ली में केंद्रीय ङ्क्षहदी संस्थान में पढ़ती हैं। सोमवार शाम सदर बाजार में भ्रमण के बाद उन्होंने टीडीआइ मॉल तक जाने के लिए ओला कैब बुक कराई थी। उनका करीब एक लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन कैब में ही छूट गया था। रात 11 बजे परेशान पर्यटक ने पर्यटन थाना जाकर फोन कैब में छूटने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला पर्यटक के पास कैब का नंबर भी नहीं था। इसके बाद पर्यटन पुलिस ने महिला के फोन नंबर के आधार पर बुक की गई ओला कैब का पता किया। ओला कैब का नंबर मिलने के बाद पुलिस ने वाहन चालक राहुल निवासी लाडम थाना मलपुरा को हिरासत में ले लिया। उससे पर्यटक का मोबाइल फोन बरामद हो गया। मंगलवार सुबह पर्यटक को उसका फोन सौंप दिया गया। वहीं, चालक राहुल के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई। फोन पर्यटन पुलिस के सिपाही पंकज कुमार और सुरेश कुमार ने बरामद किया था। सुलेमानोवामामूरा ने शीघ्र से शीघ्र उसका फोन ढूंढकर सौंपने पर पर्यटन पुलिस का आभार जताया है।