खेत की खोदाई में खजाना, सचाई या सिर्फ फसाना, जानिए क्या है मामला Agra News
मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र की है घटना। सड़क चौड़ीकरण के कार्य को लेकर चल रही खोदाई।
आगरा, जेएनएन। खोदाई के दौरान खजाना मिलने की अफवाह पर कुरावली क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। वहां कुछ भी दिखाई नहीं दिया। कुछ ग्रामीण जेसीबी चालक पर खजाना गायब करने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन खजाने की पुष्टि नहीं हुई। एसडीएम कुरावली मामले को अफवाह बता रहे है।
जीटी रोड के चौड़ीकरण के कार्य को लेकर कुरावली क्षेत्र में मिट्टी डालने का काम किया जा रहा है। ठेकेदार ने मिट्टी को अासपास के क्षेत्र से ही खोदाई करवाकर डालना शुरू कर दिया है। सोमवार शाम देवीनगर निवासी फूलसिंह के खेत में मिट्टी खोदाई का काम चल रहा था। आसपास के तमाम लोग मिट्टी खोदाई के काम को देख रहे थे।
गांव के युवकों का दावा है कि देर शाम जेसीबी में एक बक्सा फंस कर बाहर निकल आया। चालक ने जेसीबी रोक दी। बक्सा उठाने की कोशिश की तो उठा नहीं सका। चार लोगों ने मिलकर बमुश्किल बक्सा उठाया। इसी बीच ठेकेदार भी वहां पहुंच गया। ठेकेदार बक्से को अपनी गाड़ी में रखवाकर चला गया।
ग्रामीणों के मुताबिक बक्सा देखने के लिए गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें पास नहीं आने दिया गया। ठेकेदार ने बक्सा खोलकर देखा भी था। थोड़ी देर में रात हो गई। ग्रामीणों ने बक्से में खजाना होने का अनुमान लगाया। मंगलवार सुबह मौके पर भीड़ जुटना शुरू हो गई। लोगों में खजाने काे लेकर काफी उत्सुकता थी। खेत मालिक के मुताबिक उसके खेत में ककईया ईंट का पुराना कुआं बना था। उसी स्थान पर खजाना मिलने की चर्चा है। हालांकि खेत स्वामी खजाने को लेकर कोई जानकारी नहीं दे पाया है। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
एसडीएम कुरावली रतन वर्मा ने बताया कि जांच में खजाना या बक्सा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने सूचना को अफवाह बताया है।