Top Agra News of the Day 3rd July 2019, जयपुर हाईवे जाम, मानसून की दस्तक, गरजेगा महाबली, जेल में विदेशी की मौत
फतेहपुरसीकरी रोड पर पर्यटक वाहन फंसे। बारिश से मिली राहत। हटेगा शहर से अतिक्रमण। अफ्रीकन ने मथुरा कारागार में तोड़ा दम।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में बुधवार तीन जुलाई 2019 को शाम तक प्रमुख घटनाक्रमों पर आइए डालते हैं एक नजर-
दो पक्षों में पथराव से पर्यटकों में दहशत
आगरा-जयपुर हाईवे पर स्थित स्मारक फतेहपुरसीकरी को जाने वाले पर्यटकों में उस समय दहशत फैल गई, जब मिढ़ाकुर में दो पक्षों के बीच टकराव के दौरान हाईवे पर पथराव होने लगा। इस दौरान सीकरी की ओर आने-वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। विवाद एक ही संप्रदाय के दो पक्षों के बीच मंगलवार को हुआ था। इसके बाद बुधवार को दुबारा से मारपीट होने लगी। पुलिस ने मौके पर मामले को शांत कराया और हार्इवे पर यातायात सुचारू कराया।
बरसीं राहत की बूंदें
लंबे इंतजार के बाद ताजनगरी के आसमान पर बादलों ने डेरा जमाया है। बुधवार सुबह से ही बादल छा गए थे हालांकि दिनभर सूर्यदेव लुकाछिपी करते रहे। दिनभर भयंकर उमस के बाद शाम लगभग 5.30 बजे तेज बारिश आई। राहत की बूंदें ऐसी बरसीं कि इधर-उधर छिपने की बजाय सड़कों पर भीगते हुए बारिश का लुत्फ लेने लगे। लगभग आधा घंटा हल्की और कभी तेज बारिश होती रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन दिन तक बीच-बीच में बारिश होती रहेगी।
शहर में गरजेगा महाबली
शहरभर में हो रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली है। पहले चरण में छह से 24 जुलाई तक अभियान चलेगा। इस दौरान महाबली गरजेगा और अवैध कब्जों का काम तमाम करेगा। अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित क्षेत्र में मुनादी कराई जाएगी और लोगों को मोहलत मिलेगी कि वे अपने अवैध कब्जे स्वयं हटा लें। पहले चरण में मुख्यत: हाथरस रोड, कमलानगर, आवास विकास क्षेत्र में अभियान चलेगा।
जेल में बंद विदेशी ने तोड़ा दम
मथुरा की एक महिला सेे नौ लाख रुपये ठगने के मामले में सजा काट रहे अफ्रीकन कैदी की तबियत खराब होने से मौत हो गई। अफ्रीकन देश रिपब्लिक ऑफ गिनी बिसाऊ निवासी कोम्बा रोडरिग्युज पुत्र पीटर वीजा अवधि समाप्त होने के बाद अवैध रूप से भारत में रह रहा था। अपराध शाखा ने इसे पिछले वर्ष दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल में तबियत बिगड़ने पर इसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।