Top Agra News Of The Day, 17th June 2019, मौसम हुआ सुहाना, डॉक्टराेें की हड़ताल, भगवान जगन्नाथ बीमार
ताजनगरी में सोमवार को झमाझम बारिश ने दी राहत। चिकित्सकों की हड़ताल से मरीज परेशान। भगवान जगन्नाथ सहस्त्रधारा में स्नान से हुए बीमार।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में 17 जून 2019 को शाम पांच बजे तक के प्रमुख समाचार ये रहेे-
झमाझम बारिश, खिल गए चेहरे
लगातार 46 डिग्री सेल्सियस तापमान बने रहने से तप रही ताजनगरी पर सोमवार को राहत की बूंदें बरसीं। दोपहर करीब एक बजे बादल घिरेे और झमाझम बारिश शुरू हुई। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं धीमी बरसात ने सड़कों को तर-बतर कर दिया। जो जहां था, वह बारिश का लुत्फ लेने लगा। बारिश के साथ तेज हवा भी मौसम का आनंद बढ़ाती रही। फतेहाबाद रोड, सदर बाजार, यमुना किनारा रोड, एमजी रोड सहित बड़े इलाके में तेज बरसात होने से आलम यह हुआ कि कई जगहाेें से जलभराव की खबरें भी आईं। वहीं दयालबाग और नवविकसित कमलानगर क्षेत्र में अपेक्षाकृत हल्की बरसात रही। बरहाल पारा लुढ़ककर 38 डिग्री पर आ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि कुल 25.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है। 76 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चली। मंगलवार को भी राहत रहेगी, इसके बाद पारा चढ़ेगा।
डॉक्टरों की हड़ताल से मरीज बेहाल
डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से एसएन मेडिकल कॉलेज में ओपीडी में दिखाने आए मरीज बेहाल हो गए। करीब 24 हजार मरीज प्रभावित रहे। आसपास से आए मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। इस हड़ताल में आईएमए के शामिल होने से प्राइवेट चिकित्सकों ने भी अपने क्लीनिक बंद रखे। बाग फरजाना, जहां अधिकांश चिकित्सकों के क्लीनिक हैं, वे सभी बंद रहे। यहां भी मरीज और तीमारदार निराश नजर आए। हालांकि आगरा में चिकित्सकों ने 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल की थी। एसएन मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रहीं। सोमवार शाम को ही एसएन के चिकित्सकों ने सेवाएं देना शुरू कर दिया है।
भगवान जगन्नाथ ने किया सहस्त्रधारा में स्नान
ब्रज में भगवान जगन्नाथ को सहस्त्रधारा में स्नान की लीला भी सोमवार को कराई गई। उनके साथ बलभद्र और बहन सुभद्रा ने भी स्नान किया। इस लीला को देखकर भक्त भाव-विभोर हो गए। मंदिर में जयकारे लगने लगे। अधिक स्नान के चलते भगवान जगन्नाथ शीत प्रकोप की वजह से बीमार हो गए। अब वे विश्राम को चले गए हैं। वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित जगन्नाथ मंदिर के महंत ज्ञानप्रकाश पुरी ने बताया कि अब भगवान चार जुलाई तक विश्राम करेंगे। चार जुलाई को वे रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण को निकलेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप