बदलेगी शहर के इस प्रमुख रेलवे स्टेशन की सूरत, हेरिटेज लुक में नजर आएगा
ताज महल से पहले पर्यटक स्टेशन पर फिदा हों इसके लिए रेलवे ने स्टेशन की तस्वीर बदलने की योजना तैयार की है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की सूरत जल्द ही बदली नजर आएगी। प्लेटफॉर्म से बाहर निकलते ही हरियाली ही हरियाली दिखाई देगी। ताज महल से पहले पर्यटक स्टेशन पर फिदा हों इसके लिए रेलवे ने स्टेशन की तस्वीर बदलने की योजना तैयार की है।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हर दिन बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक आते हैं। ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों के ताज के साथ स्टेशन की खूबसूरत तस्वीर दिखे इसके लिए रेलवे ने स्टेशन के जीर्णोद्धार का खाका तैयार किया है। इसके लिए 15 करोड़ का बजट भी स्वीकृत हो गया है। टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। तीन महीने में प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू हो जाएगा। इसमें स्टेशन को हेरिटेज लुक दिया जाएगा। विदेशों की तर्ज पर स्टेशन को हरा-भरा किया जाएगा। एडीआरएम मुदित चंद्रा ने बताया कि स्टेशन देश-विदेश के पर्यटक स्टेशन पर अच्छा महसूस करें, इसके लिए हेरिटेज लुक दिया जाएगा। प्रयास रहेगा कि कैंट को उत्तर मध्य रेलवे का सबसे अच्छा स्टेशन बनाया जाए।
दो मंजिला होगा मुख्य द्वार
कैंट स्टेशन का मुख्य द्वार अभी साधारण है। मगर, आने वाले समय में यह एकदम बदला होगा। मुख्य द्वार को हेरिटेज लुक दिया जाएगा। इसकी ऊंचाई भी दो मंजिला होगी। साथ ही बाहर का पूरा फेस भी बदलेगा। दूर से देखकर लगेगा कि किसी किले में आ गए।
हटेगी पार्किंग, लगेगा फुव्वारा
मुख्य द्वार को बदलने के बाद सरकुलेटिंग एरिया को भी डवलप किया जाएगा। गेट के बाहर पार्किंग हटाकर पुराने पार्सल हाउस की ओर शिफ्ट की जाएगी। कोई भी वाहन गेट की ओर नहीं आएगा। पार्किंग भी व्यवस्थित होगी। आटो स्टैंड भी शिफ्ट होगा। गेट के बाहर लगे तिरंगे के पास एक बड़ा फुव्वारा लगाया जाएगा। इसके आसपास ग्रीन पैच बनाए जाएंगे। पूरे एरिया में आकर्षक लाइटिंग की जाएगी।
वेटिंग हॉल की भी बदलेगी दशा
स्टेशन के वेटिंग हॉलों का जीर्णोद्धार होगा। इन्हें भी एक नया लुक दिया जाएगा, जिससे पर्यटक यहां बैठे तो उसको सुखद अनुभव हो। साथ यात्री सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप