बारिश का कहर, मथुरा में ढहा मकान
कच्चे मकान में रह रहा था पांच लोगों का परिवार। सभी हुए घायल।
आगरा(जागरण संवाददाता):
गर्मी और उमस से राहत और किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली बरसात ने एक परिवार पर दुखों का पहाड़ लाद दिया। मथुरा जिले के राया क्षेत्र के गाव पवेसरा में शुक्रवार को सुबह हुई तेज बरसात के दौरान एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में पाच सदस्यों का पूरा परिवार घायल हो गया।
पवेसरा में वीरी सिंह पुत्र जगन्नाथ का मकान कच्चा था। शुक्रवार को सुबह से हो रही बारिश को कच्चा मकान सह न सका। सुबह नौ बजे के करीब जैसे ही और बरसात तेज हुई मकान भरभराकर ढह गया। उस वक्त परिवार के सभी लोग घर में ही मौजूद थे। इनमें 50 वर्षीय वीरी सिंह, उनकी पत्नी 45 वर्षीय जानकी देवी, तीन पुत्र 19 वर्षीय आकाश, 17 वर्षीय आशीष व 15 वर्षीय नरेश शामिल हैं। ये सभी लोग मलवे में दब गए। मकान ढहने की आवाज सुनकर मौके पर आस पास के लोग पहुंच गए। ग्रामीण मकान की हालत देख स्तब्ध रह गए। सबसे पहले ग्रामीणों ने मलवा हटाकर सभी दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पर बिचपुरी चौकी प्रभारी प्रबल प्रताप सिंह तो फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए, मगर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। इधर घायलों की हालत गंभीर होती जा रही थी। कुछ देर ग्रामीणों ने एंबुलेंस का इंतजार किया। घायलों की हालत गंभीर देख ग्रामीण ही उन्हें अपने वाहनों से लेकर मथुरा की ओर दौड़ लिए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। परिवार के लोग अपनी चोटों से ज्यादा अपने आशियाने को लेकर ज्यादा चिंतित थे। पाई- पाई जोड़कर बनाया गया मकान कुछ ही समय में ढेर हो गया।