179 लोगों का थाने में मना ‘नया साल’, नशे में गाड़ी चलाना पड़ा भारी Agra News
ट्रैफिक और थानों की पुलिस संयुक्त रूप से आधी रात तक सड़कों पर चेकिंग करती रही। वाहन चालकों को ब्रीथ एनालाइजर से चेक किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। नए साल पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हंगामा करने वाले 179 लोगों को मंगलवार की रात पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके चलते उन्हें थाने में नए साल का जश्न मनाना पड़ गया। इन सभी का चालान करके कुछ घंटे बाद छोड़ दिया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 442 लोगों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान किया।
नए साल पर नशा करके सड़कों पर हंगामा करने और तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने वालों के लिए पुलिस ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी। इसके लिए एमजी रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गो पर शहर के थानों की पुलिस सक्रिय रही। उससे मंगलवार की रात 10 बजे से आधी रात तक अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न थानों ने शराब पीकर हंगामा करने वाले 179 लोगों को गिरफ्तार किया।
इन सभी को थाने पर लेकर आया गया। कई घंटे थाने में बैठाने के बाद चालान करके स्वजनों को सौंप दिया। वहीं ट्रैफिक और थानों की पुलिस संयुक्त रूप से आधी रात तक सड़कों पर चेकिंग करती रही। वाहन चालकों को ब्रीथ एनालाइजर से चेक किया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 442 लोगों का चालान किया गया।