उप चुनाव में 4.09 लाख में से 1.62 लाख ने ही डाले वोट
आगरा उत्तर विस क्षेत्र के उप चुनाव में 4.09 लाख वोटरों में 1.62 लाख वोटर ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा उत्तर विस क्षेत्र के उप चुनाव में 4.09 लाख वोटरों में 1.62 लाख ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इनमें 96176 पुरुष और 66689 महिला शामिल हैं। कुल 39.79 फीसद मतदान हुआ है। उप चुनाव में कम मतदान की वजह जिला प्रशासन तलाश करेगा। निर्वाचन आयोग ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। जल्द इसकी रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी। ताकि इस बात का खुलासा हो सके की वोटरों को केंद्र तक नहीं ला पाने में किसी कमी रही। इसके साथ ही उसको दूर करने के उपाय किए जाएं। ताकि आने वाले चुनावों में वोटिंग प्रतिशत बड़ सके। 87197 वोटरों ने एपिक कार्ड से किया मतदान
आगरा उत्तर विस क्षेत्र में 87197 वोटर ऐसे हैं। जिन्होंने एपिक कार्ड से मतदान किया है, जबकि 75668 वोटरों ने 11 विकल्पों ने मतदान किया है।
थर्ड जेंडर ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
आगरा उत्तर विस क्षेत्र में दो दर्जन थर्ड जेंडर वोटर थे। एक भी बूथ पर थर्ड जेंडर वोटर ने मतदान नहीं किया है। इसकी भी प्रशासन वजह तलाशेगा।
नहीं पड़ा एक भी टेंडर वोट
उप चुनाव में एक भी टेंडर वोट नहीं पड़ा है। हालांकि कई बूथों में फर्जी मतदान की शिकायतें मिली हैं। सोमवार तड़के दस्तावेजों की चली जांच
मंडी समिति, फीरोजाबाद रोड पर सोमवार तड़के चार बजे तक ईवीएम व वीवीपैट के दस्तावेजों की जांच हुई। प्रेक्षक एम विजया सुनीथा, आरओ ज्योति राय सहित अन्य अफसर मौजूद रहे। - उप चुनाव में 39.79 फीसद मतदान हुआ है। कम मतदान की वजह की तलाश की जाएगी।
एनजी रवि कुमार, डीएम