1123 व्यापारियों का भाजपा से सामूहिक इस्तीफा, नगर निगम का रवैया बना कारण Agra News
पार्किंग के विरोध में संजय प्लेस बाजार रखा बंद। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा त्यागपत्र। संजय प्लेस का बड़ा वर्ग है भाजपा का समर्थक।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा से एक दिन पहले संजय प्लेस के 1123 व्यापारियों ने भाजपा की सदस्यता से सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। पार्किंग के विरोध में संजय प्लेस बाजार पूर्ण रूप से बंद रहा। जुलूस निकालकर नगर निगम की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली गई।
बुधवार को नौवें दिन व्यापारियों ने बाजार बंदी कर विरोध जताया। सुबह 11 बजे सभी व्यापारी संजय प्लेस पुलिस चौकी के पास धरनास्थल पर एकत्रित होना शुरू हो गए। इसके बाद व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पूरे बाजार में जुलूस निकाला। संजय प्लेस के हर ब्लॉक में घूमने के बाद स्काई टॉवर के सामने नगर निगम की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली गई। सड़क पर पुतला फूंका गया। धरनास्थल पर व्यापारियों की सभा हुई। संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केएन अग्निहोत्री ने कहा कि आठ दिन से व्यापारी नगर निगम की अवैध पार्किंग के विरोध में धरना दे रहे हैं। इस संबंध में मेयर, सांसद और विधायकों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन किसी के द्वारा भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। ऐसे में संजय प्लेस के सभी व्यापारियों ने भाजपा की सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय किया है। 1123 व्यापारियों का सामूहिक त्यागपत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दिया गया है। धरने में हीरेन अग्रवाल विनय मित्तल, आरएस सेंगर, बीएस बघेल, अशोक जैन, चतुरभुज तिवारी, कोमल सुराना, अनूप अग्रवाल, किरबल प्रताप सिंह, सुधाकर शर्मा आदि उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक पहुंचे धरनास्थल पर
धरना स्थल पर भाजपा के पूर्व विधायक केशो मेहरा पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से धरना समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन व्यापारियों ने न्यायालय का फैसला आने तक पार्किंग ठेका रद करने की बात पर ही धरना समाप्त करने की बात कही।
600 दुकानें रहीं बंद, चार करोड़ का व्यापार प्रभावित
संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय मित्तल का कहना है कि संजय प्लेस की करीब 600 दुकानें बंद रहीं। बंदी के चलते संजय प्लेस में तीन से चार करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित रहा।
लोगों को हुई परेशानी
बाजार बंदी के चलते संजय प्लेस में खरीदारी के लिए आए ग्राहकों को मायूसी हुई। कंप्यूटर, इलेक्ट्रोनिक्स और कपड़ा मार्केट पूरी तरह बंद होने के चलते उन्हें दूसरी जगह जाना पड़ा।
शराब की दुकान और बार भी नहीं खुले
व्यापारियों के बंद में संजय प्लेस स्थित मॉडल शॉप और बार व मिठाई की दुकान संचालकों ने समर्थन दिया। दोपहर तक उन्होंने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इसके अलावा चाय और खाने की रेहड़ी भी नहीं लगी।
दुकानों के बाहर बैठे रहे व्यापारी
व्यापारियों ने बंद में समर्थन के लिए अपनी दुकानें बंद रखी। दुकान में काम करने वाले कर्मचारी और संचालक दुकानों के बाहर ही बैठ रहे।